
अविनाश केवलिया/जोधपुर. रखरखाव के लिए ठेके पर दिए गए जोधपुर डिस्कॉम के कई जीएसएस लम्बे समय तक एक कर्मचारी के भरोसे ही चल रहे हैं। जबकि नियम हर आठ घंटे में कर्मचारी की शिफ्ट बदलने का है। ये शिकायत मिलने के बाद डिस्कॉम मुख्यालय ने सभी अधिशासी अभियंताओं को जांच के निर्देश दिए हैं।
महिपाल विश्नोई ने सूचना का अधिकार के तहत ओसियां क्षेत्र के जीएसएस में कर्मचारी की उपस्थिति और नियुक्त कर्मचारियों की जानकारी मांगी थी। इसमें स्पष्ट हुआ कि कई जीएसएस पर एक ही कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। जबकि एक जीएसएस पर 8-8 घंटे के शिफ्ट में 3 कर्मचारी और एक रिलीवर नियुक्त होना चाहिए। खास बात यह कि जब शिफ्ट ड्यूटी की पालना नहीं होती है तो ठेकेदार पर 250 रुपए प्रति शिफ्ट का प्रावधान है। इसके बावजूद शिफ्ट के हिसाब से भुगतान करने की तैयारी है।
एमडी से लेकर मंत्री तक शिकायत
इस प्रकरण की शिकायत ऊर्जा मंत्री डॉ. बी. डी कल्ला से की गई। उन्होंने डिस्कॉम एमडी को इसकी विस्तृत जांच करने को कहा। अधीक्षण अभियंता (टीडब्ल्यू) ने जिला वृत के एसइ को, जिला वृत्त एसई ने सभी एक्सइएन को जीएसएस की भौतिक जांच के निर्देश दिए। लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
इनका कहना है
इस बारे में शिकायत की जांच करवा दी गई है। सभी एक्सइएन भौतिक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
- पीएस चौधरी, अधीक्षण अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम जिला वृत्त