जोधपुर

जोधपुर में अब मौतों का तांडव,एक साथ 15 मौत व 375 नए संक्रमित

  जोधपुर में 4 हजार के करीब कोरोना संक्रमित ले रहे अस्पताल और घर में उपचार,जोधपुर में अब तक 16511 मरीज संक्रमित और 246 की मौत
2 min read
Sep 12, 2020
Feature image

जोधपुर. जोधपुर में 500 से ज्यादा संक्रमित आने के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को एक और बुरा रिकॉर्ड टूट गया। एक साथ 15 कोरोना संक्रमितों की मौतें हो गई। वहीं इस दिन 375 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए हैं। संक्रमितों की बढ़ती संख्या के साथ मौतों पर लगाम लगाना भी प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य हो गया है।

एमडीएम अस्पताल में सुनारों की घाटी निवासी राजेश ( 55), मंडोर निवासी दौलतसिंह ( 50), घोड़ों का चौक निवासी भंवरलाल ( 63) की मौत हो गई। उधर, ही एम्स में बी रोड निवासी अनिता गट्टाणी (45 ), पावटा निवासी शिव रतन सोनी ( 74), जोधपुर निवासी श्यामसिंह (70 ), सरस्वती नगर सी निवासी अभिमन्यू ( 40) व चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी ओमप्रकाश ( 58) की कोरोना से मौत हो गई। महात्मा गांधी अस्पताल में बलदेव नगर निवासी जफर हुसैन ( 70), श्रीराम नगर आरटीओ निवासी शांति देवी (65), सरदारपुरा निवासी रामगोपाल ( 61), महावीर पुरा निवासी एडवोकेट बृजमोहन बोहरा ( 62), उम्मेद चौक निवासी श्याम सुंदर, तिलक नगर भदवासिया निवासी भंवरलाल (75 ), सकीना कॉलोनी गीता भवन निवासी श्मीम अहमद ( 63) की कोरोना से मौत हो गई। जबकि इससे पहले गत 5 सितंबर को एक साथ जोधपुर में 12 मौतें हुई थी। शुक्रवार को 103 मरीज डिस्चार्ज हुए। जोधपुर में अब तक 246 मरीज कोरोना से जान गंवा चुके हैं और 16511 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं।

गांधी अस्पताल में सीसी टीवी कैमरे लगना शुरू

डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के साथ प्रशासन ने गुरुवार को मीटिंग की। इस मीटिंग के बाद अब एमजीएच के कोविड वार्डों में सीसी टीवी कैमरे लगने का कार्य शुक्रवार को शुरू हो गया है। वार्डों में मरीज की हालत अब पोर्च में बैठे परिजन भी देखे सकेंगे।

बोरानाडा कोविड- सेंटर में ऑक्सीजन सुविधा शुरू होगी

लंबे समय तक बोरानाडा कोविड केयर सेंटर में बिना कोरोना लक्षण वाले मरीज भर्ती चल रहे थे। यहां आपात स्थिति में मरीजों को गांधी व एमडीएम अस्पताल रैफर किया जाता था। वहीं अब ऑक्सीजन सेचुरेशन डाउन रहने वाले मरीज अब बोरानाडा कोविड सेंटर में उपचार ले सकेंगे। इसके लिए कोविड सेंटर पर एक-दो दिन में ऑक्सीजन सुविधाएं शुरू करने की तैयारियां होंगी।

स्टेट ने बताई सिर्फ एक मौत

जोधपुर में जहां 15 मौतें हुई है, वहीं स्टेट ने सिर्फ 1 मौत बताई। कोरोना पॉजिटिव के नए मामले भी 283 बताए।

कोरोना मीटर

अस्पताल- एमडीएम, एम्स जोधपुर, एमजीएच, बोरानाडा कोविड सेंटर, होम आइसोलेशन

कुल पॉजिटिव भर्ती-3752 से ज्यादा

पॉजिटिव से नेगेटिव-12514

डिस्चार्ज-12513

कुल मौतें-246

Published on:
12 Sept 2020 12:26 am