
जोधपुर. पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस पिछले पांच दिन से कच्छा-बनियान गिरोह के चलते रात्रि गश्त में अतिरिक्त सावचेती बरत रही हो, लेकिन चोरों ने शुक्रवार रात देवनगर थानान्तर्गत मसूरिया में बाबू राजेन्द्र मार्ग स्थित मकान में सेंध लगाकर पुलिस गश्त की पोल खोल दी। पड़ोसी के मकान से बालकनी में घुसे चोरों ने लाखों रुपए के आभूषण व दो हजार रुपए चुरा लिए।
बाबू राजेन्द्र मार्ग पहली गली निवासी मनीष पुत्र बाबूलाल सैन ने बताया कि शुक्रवार रात वो परिवार के साथ प्रथम मंजिल पर मकान में सोया था। हॉकर होने के कारण अलार्म बजने पर वह शनिवार तडक़े तीन बजे उठा। लाइट चालू करने पर अलमारी खुली नजर आई। कमरे व बालकनी में सामान बिखरे पड़े थे। आभूषण के खाली बक्से पड़े मिले। मुख्य दरवाजा अंदर से ही बंद था।
मनीष के चिल्लाने पर अन्य घरवाले उठे। आस-पड़ोस के लोग भी जाग गए। बाद में देवनगर थाना पुलिस भी मौके पर आई और चोरों की तलाश कराई। मनीष का कहना है कि चोरों ने अलमारी से सवा दो तोला सोना व बीस तोला चांदी के जेवर और दो हजार रुपए चुरा लिए। उप निरीक्षक सरजिल मलिका कहना है कि चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पानी लाल होने से बेहोशी की दवा मिलाने का अंदेशा
मकान मालिक मनीष का कहना है कि चोर पिछवाडे़ स्थित सूने मकान से ऊपर आए और फिर बालकनी में उतरकर कमरे तक पहुंचे। चोरी के बाद उसी रास्ते से निकल गए। घरवालों के घर में ही होने के बावजूद किसी को आवाज तक सुनाई नहीं दी। उजाला होने पर कूलर में भरा पानी लाल दिखाई दिया। एेसे में घरवालों को अंदेशा है कि चोरों ने कूलर में बेहोशी की दवा डालकर वारदात को अंजाम दिया होगा। पास लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों के फुटेज मिले हैं, जिससे तलाश की जा रही है।