जोधपुर

बदल गया हमारी ‘दोपहर ’ का समय, इसलिए शाम को भी सता रही गर्मी

-सूरज की दोपहर 12.38 बजे, हमारी शाम 5 बजे- अपराह्न 4 से शाम 5 बजे के बीच पारा ज्यादा चढऩे से शाम को महसूस हो रही भयंकर गर्मी
2 min read
बदल गया हमारी ‘दोपहर ’ का समय, इसलिए शाम को भी सता रही गर्मी
बदल गया हमारी ‘दोपहर ’ का समय, इसलिए शाम को भी सता रही गर्मी

जोधपुर. लोगों के मन में कई दिनों से यह सवाल उमड़ रहा है कि दोपहर में गर्मी जितना नहीं सताती, उससे ज्यादा तपिश शाम को क्यों महसूस हो रही है? सवाल उठना इसलिए भी लाजिमी है कि लम्बे अरसे से दिन व रात के तापमान में फर्क भी सात-आठ डिग्री का ही रहा है। ऐसे में रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही।

दरअसल, सूरज की दोपहर तो 12.38 बजे शुरू हो जाती है, लेकिन हमारी दोपहर का वक्त बदल गया है। अभी शहर में अधिकतम तापमान औसतन 39 डिग्री है। मौसम विभाग दोपहर 2.30 बजे 37 डिग्री ही माप रहा। यानी अपराह्न चार बजे के बाद तापमान 39 डिग्री के पास पहुंच रहा है, जो शाम 5.30 बजे भी उतना ही रहता है यानी वास्तविक दोपहरी शाम को शिफ्ट हो गई है।

सूरज चमकने का तो वही वक्त
जोधपुर में अभी सूर्योदय सुबह 5.46 बजे हो रहा है और सूर्यास्त शाम 7.32 बजे। सूरज दोपहर 12. 38 बजे हमारे सिर पर यानी 180 डिग्री पर चमक रहा है। इस दौरान तापमान करीब 36 डिग्री ही रहता है। करीब तीन घण्टे बाद यह तीन डिग्री तक चढ़ जाता है।

जितनी देर सूरज, अधिकतम तापमान उतना आगे खिसकेगा
विशेषज्ञों का कहना है कि अभी सूरज की रोशनी 13.46 घंटे तक मिल रही है। यह दिसम्बर की तुलना में 3 घण्टे 18 मिनट ज्यादा है। अधिक देर तक सूरज आसमां पर रहने से अधिकतम तापमान का समय आगे सरक जाता है, क्योंकि भू-आकृतियां और धरातल की प्राकृतिक व कृत्रिम चीजें अधिक गर्म होने से तापमान बढ़ता ही रहता है। शाम को सूरज के ढलान पर होने के बावजूद तेज गर्मी होती है।

एक दिन में 12 हजार किमी दूर जा रहा सूरज, फिर भी तेज गर्मी
पृथ्वी, सूरज के चारों ओर अण्डाकार पथ में परिक्रमा करती है। इससे साल में एक बार सर्वाधिक नजदीक और एक बार सर्वाधिक दूर होती है। अभी जोधपुर सहित पूरे राजस्थान से पृथ्वी सूरज से दूर जा रही है। बुधवार को जोधपुर से सूरज की दूरी 15 करोड़ 19 लाख 87 हजार किलोमीटर थी। यह गुरुवार को 12 हजार किलोमीटर और बढ़ गई और शुक्रवार को पृथ्वी 11 हजार किलोमीटर और दूर हो जाएगी। तब सूरज जोधपुर से 15 करोड़ 19 लाख 98 हजार किमी दूर होगा। पांच जुलाई जोधपुर से सूरज की अधिकतम दूरी 15 करोड़ 21 लाख किलोमीटर होगी। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आनी शुरू हो जाएगी। दिसम्बर-जनवरी में यह 14 करोड़ 70 किलोमीटर रह जाएगी।

इनका कहना है...
‘इस समय अधिकतम तापमान अपराह्न तीन से चार बजे के मध्य रिकॉर्ड हो रहा है। उस समय नमी भी अधिक होती है। इसी कारण शाम को अधिक गर्मी महसूस हो रही है।’
- आरएस शर्मा, निदेशक, भारतीय मौसम विभाग, जयपुर केंद्र

Published on:
18 Jun 2021 05:45 pm