जोधपुर

जोधपुर के पचेटिया हिल को हेरिटेज स्पॉट के रूप में विकसिक करने के लिए निगम की तैयारी तेज, बनेगा पर्यटन हब

शहर के भीतर सरकार की ओर से नया हेरिटेज स्पॉट विकसित करने को कई मायनों में अहम रूप से देखा जा रहा है। किले के एक छोर पर घंटाघर व अन्य हेरिटेज स्पॉट पर्यटकों को खींचते हैं तो दूसरे छोर पर शहर की प्राकृतिक बसावट व प्राचीन जलाशयों की ओर पर्यटक आकर्षित होते हैं।
2 min read
pachetia hill of jodhpur will be developed as new tourist spot
जोधपुर के पचेटिया हिल को हेरिटेज स्पॉट के रूप में विकसिक करने के लिए निगम की तैयारी तेज, बनेगा पर्यटन हब

अविनाश केवलिया/जोधपुर. चार दीवारी के भीतर बसा शहर पूरे देश ही नहीं विदेशियों को भी अपनी ओर खींच लाता है। मेहरानगढ़ किले के आस-पास के क्षेत्रों में पर्यटन का बूम किस हद तक बढ़ रहा है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किले के आगे और पीछे टूरिज्म हब विकसित होने के बाद अब खुद सरकार भी तीसरे छोर पर नया पर्यटन कोर एरिया विकसित करने जा रही है। इसके लिए नगर निगम ने प्रारंभिक कोर सर्वे भी कर लिया है।

साथ ही विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाई जा रही है। शहर के भीतर सरकार की ओर से नया हेरिटेज स्पॉट विकसित करने को कई मायनों में अहम रूप से देखा जा रहा है। किले के एक छोर पर घंटाघर व अन्य हेरिटेज स्पॉट पर्यटकों को खींचते हैं तो दूसरे छोर पर शहर की प्राकृतिक बसावट व प्राचीन जलाशयों की ओर पर्यटक आकर्षित होते हैं। ऐसे में अब तीसरे छोर यानि कि पचेटिया हिल को विकसित करने की तैयारी की जा रही है।

फोर्ट व्यू से ऐसे जुड़ा है पर्यटन व्यवसाय
छोर एक-घंटाघर की ओर पर्यटन व्यवसाय तेजी से बढ़ा है। यहां के मुख्य आकर्षण तूरजी का झालरा सहित अन्य प्राचीन जलाशय भी हैं। इसी कारण इस क्षेत्र में कई बड़ी होटल समूह, गेस्ट हाउस और अन्य व्यापार विकसित हुआ है। फोर्ट व्यू होने के कारण यहां देसी के साथ विदेशी पर्यटक भी आकर्षित होते हैं।

छोर दो-पदमसर और ब्रह्मपुरी जैसे क्षेत्रों के साथ शहर की तंग गलियां इस छोर का आकर्षण हैं। इस क्षेत्र में भी कई गेस्ट हाउस व रूफ टॉप रेस्टोरेंट बने हैं। यहां भी पर्यटकों की आवाजाही पिछले कुछ समय में बढ़ी है। इस क्षेत्र में हेरिटेज स्पॉट पर शूटिंग भी काफी हो चुकी है।

अब छोर तीन - पचेटिया हिल तीसरा प्रमुख छोर है फोर्ट का। यहां से किले का व्यू अन्य दो प्रकार से भिन्न है। यहां फिलहाल पर्यटकों की आवाजाही तो है लेकिन मुख्य आकर्षण की कमी है। इसीलिए इस क्षेत्र में हेरिटेज विकास किया जा रहा है।

पचेटिया हिल तीसरे छोर में प्रमुख काम
शहर के सिटी कोतवाली थाने के कुछ आगे पहाड़ी पचेटिया हिल के नाम से मशहूर है। यहां कई मंदिर और पहाड़ी क्षेत्र का विकास प्रस्तावित है। साथ ही पहाड़ी तक पहुंचने वाले रास्ते को भी हेरिटेज लुक दिया जाएगा।

यह होंगे प्रमुख काम
- शिवजी मंदिर विकास
- माताजी का मंदिर विकास
- पंचमुखा बालाजी मंदिर विकास
- सनसेट पॉइंट का विकास होगा
- हिल तक पहुंचने के मार्ग भी हेरिटेज होंगे
- जोधपुर स्टोन से काम होगा और फाउंटेन भी लगाए जाएंगे

स्वीकृत दो हेरिटेज पाथ आज तक अधूरे
डेढ़ वर्ष पहले जेडीए ने घंटाघर से किलीखाना और तूरजी का झालरा होते हुए दो रास्तों को हेरिटेज पाथ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई थी। दोनों सडक़ों के लिए अलग-अलग वर्क ऑर्डर जारी हो गए थे। 2 करोड़ रुपए में विकास कार्य होना था। लेकिन पूरी प्रक्रिया कागजों में ही अटक गई। इस पर अब तक निर्णय नहीं हो पाया है।

काम शुरू हो गया
पचेटिया हिल को हेरिटेज स्थल के रूप में विकसित करने का काम शुरू हो गया है। इसके लिए ड्रोन सर्वे का काम पूरा हो चुका है, डीपीआर बन रही है।
- राहुल गुप्ता, अधिशासी अभियंता, नगर निगम जोधपुर

Updated on:
25 Dec 2019 02:23 pm
Published on:
25 Dec 2019 02:23 pm