
जोधपुर/बालेसर. जोधपुर जिले के बालेसर उपखंड क्षेत्र के ग्राम भांडू चारणान में पैंथर के पग मार्ग मिलने और २८ जनवरी को एक बकरी का शिकार होने से ग्रामीण दहशत में हैं। क्षेत्र में पैंथर के आने की सूचना मिलने पर ग्रामीण डरे-सहमे नजर आ रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंच पिंजरा लगाया है। रेस्क्यू टीम के डॉ. श्रवण सिंह राठौड़ ने बताया कि पिंजरे के साथ एक बकरी बांधकर चारों तरफ जाली लगा दी है। बकरी की आवाज सुन पैंथर पिंजरे तक आएगा और बकरी पकडऩे का प्रयास करेगा तो पिंजरा बंद हो जाएगा और बकरी सुरक्षित रहेगी। पैंथर पिंजरे में नहीं आया तो सर्च ऑपरेशन किया जाएगा। इस बीच, ग्रामीण मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए रात को पहरा देने के साथ बच्चों को भी घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सूनसान व एकांत स्थानों पर न जाने की सलाह देते हुए सावधानी बरतने की बात की है।