
जोधपुर. नीट पीजी काउंसलिंग में हो रही देरी के विरोध में अब डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स सोमवार से हड़ताल पर चले गए। इस दौरान अस्पताल में एकबारगी आउटडोर व वार्डों में व्यवस्थाएं चरमरा गई। सोमवार के कारण अस्पतालों में भीड़ भी खासी रही। इस दौरान जल्दी नंबर न लगने के कारण कई बुजुर्ग अपनी बारी का इंतजार करते थक गए और जमीन पर बैठ गए। हालांकि कमान सीनियर डॉक्टर्स के जिम्मे रहीं। इमरजेंसी, ट्रोमा, ओटी व लेबर रूम में रेजिडेंट डॉक्टर्स ने अपनी घोषणा मुताबिक कार्य किया। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संदीप देवात ने कहा कि स्ट्राइक मंगलवार को जारी रहेगी। अब वे स्ट्राइक से केवल अपने ऑल इंडिया पदाधिकारियों के निर्देश पर ही हटेंगे।
प्रिंसिपल बैठे आउटडोर में
रेजिडेंट डॉक्टर्स की स्ट्राइक के चलते सोमवार को डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एसएस राठौड़ ने आउटडोर में बैठ मरीज देखे। डॉ. राठौड़ ने कहा कि स्ट्राइक का ज्यादा असर नहीं रहा, अस्पतालों में सीनियर्स ने व्यवस्थाएं संभाल ली।
बढ़ती कतारें, परेशान हुए मरीज
एमडीएम अस्पताल में सोमवार से बुधवार तक मरीजों की भीड़ रहती है। ऐसे में सोमवार को रेजिडेंट डॉक्टर्स की स्ट्राइक के कारण आउडोर में मरीजों का नंबर विलंब से लगता नजर आया। इस बीच कई मरीज थककर जमीन पर बैठे तक दिखे।