
जोधपुर.
मसूरिया के बलदेव नगर में स्थित श्रमिकपुरा रोड की मरम्मत का वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ तो लोगों ने चंदा कर रविवार को सडक़ की मरम्मत का काम करवाया। क्षेत्रवासियों ने रोड की मरम्मत के लिए पार्षद व महापौर को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ। वहीं पार्षद का कहना है कि बारिश के कारण ठेकेदार ने काम करने से मना कर दिया। गौरतलब है कि पत्रिका ने ‘सडक़ के गड्ढे पाटने में भी अपने-पराये का भेद’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर बदहाल सडक़ों की समस्या उजागर की थी।
बलदेव नगर निवासी हितेश प्रजापत ने बताया कि करीब एक साल से कॉलोनी की रोड क्षतिग्रस्त हो रखी है। बारिश के बाद रोड पर गड्ढों के कारण चलना मुश्किल हो गया था। इस पर उन्होंने पार्षद नंदकिशोर गहलोत से रोड की मरम्मत कराने की मांग की थी। रोड का वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद भी मरम्मत का काम नहीं होने पर उन्होंने कुछ दिनों पहले महापौर को भी ज्ञापन दिया था। कुछ समय बाद मसूरिया बाबा रामदेव मंदिर का मेला लगने वाला है और जातरू इसी रोड से गुजरते हैं। इस पर क्षेत्रवासियों ने चंदा कर रविवार को सडक़ की मरम्मत का काम शुरू करवाया।
इनका कहना
रोड की मरम्मत के लिए वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है। मरम्मत का काम शुरू करवाने वाले थे लेकिन ठेकेदार ने बारिश के चलते काम करने से मना कर दिया। जल्द ही रोड की मरम्मत का काम शुरू करेंगे।
नंदकिशोर गहलोत, पार्षद वार्ड 21
खुद के घर बाहर सीसी रोड, पड़ोस में डामर
पार्षद ने कुछ सालों पहले अपने घर के बाहर सीसी रोड का निमार्ण करवाया था। लेकिन आस-पास के क्षेत्र में डामर की रोड बनवाई। बारिश के कारण डामर की रोड क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद रोड की मरम्मत का काम नहीं करवाया गया। पार्षद के भेदभाव वाले विकास कार्य के कारण लोगों में रोष है।