जोधपुर

खबर का असरः बेटे की दोनों किडनी थी खराब, लाचार मां करती थी देखभाल, अब मदद को उमड़े भामाशाह

पत्रिका में प्रकाशित खबर के बाद क्षेत्र के भामाशाहों ने आगे आते हुए परिवार की आर्थिक मदद शुरू की
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2023, 10:36 AM IST
sattar_mirasi.jpg

आगोलाई। पिछले तीन साल से किडनी की बीमारी से पीड़ित आगोलाई निवासी 38 वर्षीय युवक सत्तार मिरासी को लेकर गत दिनों राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित मानवीय स्टोरी ‘इकलौते बेटे की दोनों किडनी खराब, तीन साल से सेवा कर रही बुजुर्ग मां’ के बाद आगोलाई सहित आस-पास के क्षेत्र के भामाशाहों ने सतार के परिवार की मदद के लिए पहल की है।

ज्ञात रहे कि छोटी-मोटी मजदूरी व शादियों में ढोल बजाकर परिवार चलाने वाले सत्तार की छोटी उम्र में पिता का साया उठ जाने के बाद मां गैरो देवी ने जैसे-तैसे चार बेटियों व इकलौते बेटे सत्तार का पालन-पोषण कर बड़ा किया था, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। करीब तीन साल पहले सत्तार को पीलिया होने के बाद दोनों किडनी खराब हो गई। पत्रिका में प्रकाशित खबर के बाद क्षेत्र के भामाशाहों ने आगे आते हुए परिवार की आर्थिक मदद शुरू की। इसी के तहत आगोलाई निवासी राजस्थान पशु चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश चौधरी ने 11 हजार नकद, खाद्य सामग्री भेंट करते हुए कच्चे छप्पर पर टिन शेड लगाने का जिम्मा लिया तथा इलाज के लिए भी हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया।

देवगढ़ आगोलाई निवासी भामाशाह धर्माराम सारण ने दो हजार नगद व एक माह की राशन व खाद्य सामग्री, पूर्व पंसस उम्मेदाराम मनमोड़ा दो हजार नगद व दो कट्टे गेहूं, आगोलाई पीएचसी स्टाफ ने आठ हजार रुपए व एक कट्टा गेहूं, जयराम गोदारा ने नकद के साथ-साथ परिवार को जरूरत पडऩे पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके आलावा सत्तार की मां गैरो देवी के बैंक खाते में आस-पास के लोगों द्वारा श्रद्धानुसार आर्थिक मदद की जा रही है।

Published on: