
जोधपुर।
लॉकडाउन था तो बिल भरे नहीं गए, अब इतनी राशि आ गई है। अब कैसे भरेंगे, इसका कुछ कीजिये जनाब। कोरोना काल के बाद बिजली बिलों से संबंधित इतनी समस्याएं सामने आई है कि लोगों की पीड़ा अब कार्यालयों में देखी जा सकती है। डिस्कॉम ने जैसे ही 10 दिन का विशेष शिविर समस्याओं को सुनने के लिए लगाना शुरू किया। प्रतिदिन 400 से ज्यादा लोगों शहर में अपनी कुछ ऐसी ही शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में समस्याओं का पैटर्न कुछ अलग है।
शहरों में बड़ी समस्या
कोरोना काल में अधिकांश लोग वित्तीय विषम परिस्थितियों का सामना कर चुके हैं। ऐसे में कई व्यावसायिक तो कई घरेलू श्रेणी में भी बिजली बिल भरने में देरी हुई। कइयों के पैनल्टी के साथ बड़ी राशियों के बिल भी आए हैं। ऐसे लोग अपने बिल को किश्तों में करवाने की गुहार लगा रहे हैं।
प्रतिमाह बिल से शंका
प्रतिमाह बिल प्रणाली लागू होने से कई मद में ज्यादा राशि लेने की शंका भी लोगों को होने लगी है। किराया, स्थाई शुल्क व प्रति यूनिट रेट को लेकर भी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। 80-90 प्रतिशत शिकायतें बिल करेक्शन से संबंधित ही आ रही है।
फैक्ट फाइल
- 10 दिन तक लगेंगे विशेष शिविर
- 16 एइएन कार्यालय के अधीन प्रतिदिन लगेंगे शिविर
- 30 से ज्यादा शिकायतें प्रतिदिन पहुंच रही
- 3 हजार से ज्यादा शिकायतें शहर में इन शिविरों में समाधान होने की उम्मीद
इनका कहना...
ऐसे शिविर काफी लाभदायक है। समस्याओं का हाथों-हाथ समाधान कर रहे हैं। शहरों में अधिकांश बढ़े हुए बिल की समस्या ही लेकर पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में समस्याएं कुछ अलग तरह की है।
- जी.आर सीरवी, मुख्य अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम