जोधपुर

कोरोना वायरस का कीमतों पर दिखने लगा है असर : 2 महीने में पेट्रोल 5.50 रुपए और डीजल 6.50 रुपए सस्ता

जोधपुर में पेट्रोल 74 और डीजल 68 रुपए से नीचे आया, अगले महीने तक और सस्ता होगा तेल, मध्यप्रदेश को छोडकऱ राजस्थान में पड़ौसी राज्यों से महंगा तेल
2 min read
petrol and diesel prices down due to coronavirus outbreak
कोरोना वायरस का कीमतों पर दिखने लगा है असर : 2 महीने में पेट्रोल 5.50 रुपए और डीजल 6.50 रुपए सस्ता

गजेंद्रसिंह दहिया/जोधपुर. करीब 100 से अधिक देशों में कोरोना वायरस फैलने के कारण अर्थव्यवस्था में आई सुस्ती और रूस व सऊदी अरब के मध्य तेल उत्पादन को लेकर हो रही प्रतिस्पद्र्धा से तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है। बुधवार को कच्चा तेल लुढकक़र 36.40 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया जो दो महीने पहले करीब 64 डॉलर प्रति बैरल था। देश की तेल कम्पनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई कमी के अनुरुप पेट्रोल डीजल के दाम तो नहीं घटाए लेकिन फिर भी पिछले दो महीने में पेट्रोल 5.50 रुपए और डीजल 6.50 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया है। उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने तक इसके दामों में और अधिक गिरावट आएगी। अप्रेल 2020 में बीएस-6 लागू करने जा रही तेल कम्पनियां पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कुछ वृद्धि करेगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहले से ही कच्चा तेल सस्ता होने से आम आदमी पर इसका असर ज्यादा नहीं होगा।

दो महीने में अधिक गिरावट
जोधपुर में 15 जनवरी को एक लीटर पेट्रोल कीमत 79.48 रुपए प्रति लीटर थी जो 11 मार्च को 73.93 रही। वहीं उस समय डीजल 69.57 प्रति लीटर बेचा जा रहा था जो बुधवार को 67.76 रुपए प्रति लीटर मिला।

रूस व सऊदी में प्राइज वार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरने से पिछले दिनों सऊदी अरब ने रूस को तेल उत्पादन में कटौती करने के लिए कहा था, लेकिन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने तेल उत्पादन ज्यों का त्यों रखा। गुस्साए सऊदी अरब ने तेल की कीमतें 30 प्रतिशत तक कम कर दी। इससे तेल और अधिक सस्ता हो गया। इसका असर अब अमरीका और ऑस्ट्रेलिया पर भी दिखेगा। भारत अपनी तेल जरुरत का 83 प्रतिशत आयात करता है। विदेशी मुद्रा बचने से देश की अर्थव्यवस्था में सुधार आएगा।

जोधपुर में पेट्रोल डीजल के भाव
तिथि --------- पेट्रोल -----डीजल

11 मार्च ----- 73.93 ----- 67.76
1 मार्च -----75.39 -----69.11
29 फरवरी -----75.53 -----69.30
15 फरवरी -----75.58 -----69.57
1 फरवरी -----76.85 -----71.11
25 जनवरी -----77.91 -----72.30
15 जनवरी -----79.48 -----74.13

राजस्थान में पड़ौसी राज्यों से मंहगा तेल
राजस्थान में मध्यप्रदेश को छोडकऱ सभी पड़ौसी राज्यों से पेट्रोल और डीजल महंगा होने के कारण स्टेट बॉर्डर पर स्थित पेट्रोल पंप संचालकों को घाटा उठाना पड़ रहा है। ट्रक सहित अधिकांश वाणिज्यक वाहन गुजरात, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश से अपना टैंक फुल करके निकलते हैं और राजस्थान में तेल नहीं भरवाते हैं। पेट्रोल पंप संचालकों ने राज्य सरकार को कई बार पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट को कम करने के लिए कहा लेकिन सरकार इस और ध्यान नहीं दे रही है। वैसे आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, छतीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बाद पूरे देश में महंगा पेट्रोल-डीजल बेचने वाला राजस्थान पांचवा राज्य है।

किस राज्य में पेट्रोल-डीजल की कितनी कीमत

राज्य ----------पेट्रोल ----- डीजल
राजस्थान ----- 74.07 ----- 67.88
पंजाब ------- 68.66 -----61.26
हरियाणा ----- 70.86 -----62.78
गुजरात ----- 67.74 -----65.85
मध्यप्रदेश -----78.36 -----69.12
उत्तरप्रदेश -----72.44 ----- 63.45

पेट्रोल पंप के पास एस्फाल्ट प्लांट में आग से अफरातफरी
जाजीवाल कलां गांव में पेट्रोल पंप के पास स्थित एस्फाल्ट के प्लांट में मंगलवार को आग से अफरातफरी मच गई। आग तेजी से बढ़ती देख ग्रामीणों सेना को सूचना दी। सेना की कोणार्क कोर से पहुंची दमकलों ने तुरंत मौके पर पहुंच कुछ ही देर में आग पर काबू पाकर बड़ा नुकसान होने से बचा लिया। सेना के मुताबिक दोपहर 1.30 बजे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सेना की दमकल ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। यह प्लांट पेट्रोल पंप से करीब 50 मीटर की दूरी पर था। आग विकराल रूप धारण करती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Updated on:
12 Mar 2020 12:12 pm
Published on:
12 Mar 2020 12:12 pm