
फलोदी। जिले के देचू में रविवार अलसुबह एक कपास फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा पूरा कपास जलकर राख हो गया। आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है। सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद फलोदी और पोकरण से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हैरानी की बात यह है कि इस साल इस फैक्ट्री में आग लगने की यह तीसरी घटना है। इसके बावजूद क्षेत्र की फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और देचू में आज तक दमकल की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, देचू उपखंड मुख्यालय के लालसिंह नगर ग्राम पंचायत क्षेत्र में आसरलाई रोड के पास स्थित कपास फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब चार बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री में रखा पूरा कपास इसकी चपेट में आ गया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी।
इसके बाद देचू पुलिस और पटवारी सुरेश कुमार भील मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने डिस्कॉम को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। पटवारी के अनुसार, फैक्ट्री सुनीता पत्नी राजेंद्र माहेश्वरी निवासी थोरियों का बास, सालवाकलां (जोधपुर) की है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
इन दिनों देचू तहसील क्षेत्र में कपास का बंपर उत्पादन हुआ है। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कपास भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रशासन की सूचना पर फलोदी और पोकरण नगर पालिका से दमकल की गाड़ियां रवाना हुईं, जो सुबह करीब साढ़े पांच बजे घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा माल जल चुका था।
देचू उपखंड मुख्यालय के पांच किलोमीटर के दायरे में तीन बड़ी कपास फैक्टरियां संचालित हैं। इनमें मेगा हाईवे पर गुमानपुरा, जोधपुर रोड और आसरलाई रोड स्थित फैक्टरियां शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपए का कारोबार करने वाली इन फैक्टरियों में आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी और अग्निशमन उपकरण तक उपलब्ध नहीं हैं। आग लगने पर आसपास के ग्रामीण निजी पानी के टैंकर लेकर पहुंचते हैं, लेकिन भीषण आग के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित होते हैं।
इस फैक्ट्री में एक साल के भीतर आग लगने की यह तीसरी घटना है। क्षेत्र में पहले भी कई बड़े अग्निकांड हो चुके हैं। करीब तीन साल पहले बावकान में ट्रेलर में आग लगने से चालक की मौत हो गई थी। पिछले महीने देचू में तीन दुकानों में आग लगने से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ था। उस समय भी फलोदी और पोकरण से दमकल पहुंचने तक काफी नुकसान हो चुका था।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले पंचायतीराज चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जोधपुर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के समक्ष देचू में दमकल गाड़ी उपलब्ध करवाने की मांग रखी थी। इस पर आश्वासन भी मिला, लेकिन अब तक सुविधा नहीं मिली। पिछले महीने लगातार आगजनी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब एक बार फिर भीषण अग्निकांड ने क्षेत्र में दमकल और फैक्टरियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।