
फलोदी (जोधपुर). मौसम के मिजाज में आए बदलाव से यहां मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी शीतलहर के बीच समूचा फलोदी क्षेत्र कोहरे की आगोश में रहा। कड़ाके की ठंड के चलते आज न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री फिसलकर 8.2 डिग्री सेल्सियस के अंक पर रहा।
यहां आज अलसुबह से ही बर्फीली हवा के बीच चारों तरफ घना कोहरा छाया रहा तथा ओस की बूूंंदें गिरती रही। कोहरा इतना घना रहा कि 20-25 फीट आगे की कोई भी वस्तु आसानी से नजर नहीं आ रही थी। कोहरे व बादलों के कारण आज लगातार दूसरे दिन भी अधिकांश समय सूर्यदेव बादलों की ओट में छिपे रहे। आज दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन सर्द हवा के चलते धूप बेअसर साबित हुई। इससे सर्दी की सिहरन बनी रही। सर्दी से राहत के लिए दिन में भी जगह-जगह लोग अलाव तापते देखे गए। वहीं बीती रात में चली बर्फीली हवा के कारण रातभर कड़ाके की ठंड बनी रही।
बेलवा. बेलवा सहित आसपास के इलाके को मंगलवार को घने कोहरे ने घेर लिया। सोमवार रात से ही शुरू हुए कोहरे की आगोश में सुबह तक सबकुछ धुंधला और अदृश्य हो गया। गांवों में आलम ये है कि 50 मीटर दूरी पर देखना भी दूभर हो गया। साढ़े नो बजे तक सूरज के दर्शन तक नहीं हुए। उधर, वातावरण में 90 फीसदी तक की नमी से सर्दी का असर भी बढ़ गया। सर्दी व कोहरे की वजह से धूजणी छूट रही है। जहां- तहां आग जलाकर भी ग्रामीण सर्दी से बचने की जुगत कर रहे है। वहीं कृषि विभाग के अनुसार कड़ाके की ठंड के बीच कोहरे से रबी फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है।