
फलोदी। जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में घर के बाहर सो रही मां और बेटियों के ऊपर हुए हमले की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जंभेश्वर नगर में घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावर ने गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान मां को बचाने के लिए उठी उसकी 16 वर्षीय बेटी पर भी हमलावर ने बेरहमी से चाकू से पांच वार किए। इतना ही नहीं, 10 वर्षीय छोटी बेटी भी हमले से नहीं बच सकी और उसके हाथ पर चाकू मार दिया गया। गंभीर रूप से घायल किशोरी का जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना सोमवार देर रात 1 बजे के करीब की है। मृतका भंवरी विश्नोई अपने घर के बाहर दोनों बेटियों के साथ सो रही थी, जबकि चार वर्षीय बेटा घर के अंदर था। इसी दौरान चेहरे पर नकाब लगाए एक बदमाश वहां पहुंचा। आवाज सुनकर जैसे ही भंवरी और उसकी बड़ी बेटी रामज्योति की आंख खुली, हमलावर ने सबसे पहले महिला के गले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हमलावर ने भंवरी के गले के अलावा हाथों पर भी कई वार किए। जब रामज्योति मां को बचाने के लिए आगे बढ़ी तो बदमाश ने उस पर भी हमला बोल दिया। किशोरी के पेट, पीठ और चेहरे पर कुल पांच बार चाकू मारा गया। हमले की वजह से उसके दांत भी टूट गए, लेकिन इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी। अस्पताल में अब वह जिंदगी और मौत से लड़ रही है।
खून से लथपथ हालत में रामज्योति किसी तरह उठी और पास में रहने वाले अपने ताऊ के घर तक दौड़कर पहुंची। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर वारदात की सूचना दी। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार हमलावर ने 10 वर्षीय सोनू के हाथ पर भी चाकू से वार किया। घटनास्थल से पुलिस को दो चाकू और हमलावर के जूते भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। सूचना मिलने पर लोहावट थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।
महिला का पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक है और घटना के समय बाहर था। उसे वारदात की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।