जोधपुर

PM Modi Jodhpur Visit: गहलोत के गढ़ में गरजे मोदी, लाल डायरी- पेपर लीक और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गढ़ जोधपुर में कांग्रेस और गहलोत दोनों पर जमकर बरसे।
3 min read
Oct 05, 2023
pm_modi_new.jpg

जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गढ़ जोधपुर में कांग्रेस और गहलोत दोनों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो लाल डायरी के काले कारनामे बाहर आएंगे। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि खुद कांग्रेस की विधायक ने कहा कि वह सुरक्षित नहीं है तो कौन सुरक्षित होगा। मोदी ने कहा कि पेपर लीक से युवाओं में भारी निराशा है। उन्होंने भाजपा को जीताने की अपील करते हुए काह कि जितना कमल खिलेगा, उतना ही राजस्थान खिलेगा।

मुख्यमंत्री गहलोत पर साधा निशाना
सभा में पीएम मोदी ने कहा कि थोड़ी देर पहले ही एक सरकारी कार्यक्रम था, लेकिन राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गायब थे। उनको भरोसा हो गया है कि मोदी आएगा तो सब ठीक हो जाएगा। मैं भी कहता हूं आप विश्राम कीजिए, हम सब संभाल लेंगे। राजस्थान में 5 साल में कांग्रेस की सरकार एक कदम भी नहीं चली। बल्कि यहां 24 घंटों कुर्सी का ही खेल चलता रहा।

लाल डायरी का जिक्र, पेपर माफिया पर बरसे
पीएम मोदी ने जनता से पूछा कि क्या उन्होंने लाल डायरी के बारे में सुना है। लोग कहते हैं लाल डायरी में कांग्रेस के करप्शन की हर काली करतूत है। इस लाल डायरी के काले राज खुलने चाहिए, लेकिन कांग्रेस सरकार ऐसा कभी नहीं करेगी। मोदी ने कहा कि अगर लाल डायरी के काले राज खोलने हैं तो प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पेपर लीक माफिया ने यहां के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। राजस्थान का युवा इंसाफ मांग रहा है। चुनाव के समय बेरोजगारी भत्ते का वादा करने वाली कांग्रेस ने यहां के युवाओं को पेपर लीक माफिया के हवाले कर दिया। ऐसे हर पेपर लीक माफिया के खिलाफ बीजेपी सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने नारा दिया कि बीजेपी आएगी राजस्थान में रोजगार लाएगी। भाजपा आएगी राजस्थान में पेपर माफिया को मिटाएगी।

कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस भाजपा का विरोध करते करते देश का विरोध करने लगी है। पीएम ने जोधपुर का जिक्र करते हुए कहा कि जब शहर दंगों की आग में जल रहा था, तब यहां के मुख्यमंत्री क्या कर रहे थे। चाहे राम नवमी, परशुराम जयंति या फिर हनुमान जयंति, हर त्यौहार पर पत्थरबाजी की खबरें आती हैं। शांति के शहर जोधपुर में दिनदहाड़े गैंगवार होती है। व्यापारी के बेटे का अपहरण कर उसे बेरहमी से मार दिया जाता है। ये सब कांग्रेस के राज में बेलगाम अपराधियों की सच्चाई बताती है। मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही देश ने एक इतिहास रचा और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संसद में पारित किया गया। इस कानून ने कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की पोल खोल दी है। ये लोग कभी भी माहिला आरक्षण के समर्थन में नहीं थे। अब ये कानून बनने के बाद बौखला गए हैं। ये सोच रहे हैं मोदी ने अपने वादे को पूरा कैसे कर लिया। मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी पूरा होने की गारंटी।

वन रैंक-वन पेंशन का किया जिक्र
मोदी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार ने बड़ी-बड़ी बातें की थी। वन रैंक वन पेंश का वादा किया। इसके लिए 500 करोड़ रुपए का प्लान बनाया, लेकिन कांग्रेस को पता था कि 500 करोड़ से कुछ नहीं हो सकता है। कांग्रेस में लोगों को मुर्ख बनाने की हिम्मत थी। मोदी ने वन रैंक वन पेंशन का वादा किया और इसे पूरा भी किया। इसके लिए अभी तक देशभर के सैनिक परिवारों को 70 हजार करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। कहां 500 करोड़, कहां 70 हजार करोड़, ये कांग्रेस का खेल है। कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी का वादा किया और उनकी जमीन नीलाम कर दी। सभा में पीएम मोदी ने चंद्रयान, जी 20, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत योजना का भी जिक्र किया।

पीएम के रूप में तीसरी जनसभा
प्रधानमंत्री के रूप में मोदी की जोधपुर में 5 अक्टूबर को तीसरी जनसभा है। इससे पहले प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए वे नवंबर 2018 तथा 22 अप्रेल, 2019 को रावण का चबूतरा मैदान में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते वे 2008 में बोम्बे मोटर्स चौराहा के पास तथा 2009 व 2013 में रावण का चबूतरा मैदान में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं।

ऐसे हुआ स्वागत
- एयरपोर्ट पहुंचने पर 15 पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
- सरकारी शिलान्यास-उद्घाटन के लिए बने मंच से जनसभा लिए बने मंच तक जाते समय मोदी के रथ के आगे 70 महिला कार्यकर्ताओं के जत्थे ने अगुवाई की।
- जनसभा के लिए मंच पर पहुंचने पर सतरंगी साफा पहनाकर हुआ स्वागत।
- मंच पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों ने 51 किलो की माला से किया स्वागत।
- मोदी के पास पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तो दूसरी ओर गजेंद्र शेखावत बैठे।
- केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने स्वागत भाषण दिया।

ये रहे मौजूद
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर, प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रशेखर, राज्यसभा सदस्य राजेंद्र गहलोत, पाली सांसद पीपी चौधरी, चुनाव प्रचार समिति प्रमुख नारायण पंचारिया, प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश मंत्री सांवलाराम देवासी और विधायक सूर्यकांता व्यास उपस्थित थे।

Updated on:
05 Oct 2023 01:57 pm
Published on:
05 Oct 2023 01:27 pm