दो आरोपियों को जेल भेजा, दो आरोपी दुबारा गिरफ्तार
जोधपुर .
रंगदारी वसूलने के लिए सरदारपुरा सी रोड पर मोबाइल व्यवसायी की गोली मारकर हत्या में प्रयुक्त कार व मोटरसाइकिल के साथ ९एमएम पिस्तौल के पांच जिन्दा कारतूस की मैग्जीन सरदारपुरा थाना पुलिस ने गुरुवार को बरामद की। दो आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। जबकि शिनाख्त परेड के बाद दो अन्य आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर फिर से गिरफ्तार किया गया है।
थानाधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रकरण में नई सड़क हनुमान भाखरी निवासी विनोद उर्फ विक्की प्रजापत व लोहावट में भीमसागर निवासी पूनमचंद विश्नोई रिमाण्ड पर हैं। वारदात के दौरान रैकी व फरार होने में प्रयुक्त कार जनता कॉलोनी में कब्रिस्तान के पीछे निवासी फारूख अली चला रहा था। उसकी निशानदेही पर कायलाना सर्किल से कायलाना जाने वाली रोड पर लावारिस हालत में खड़ी कार जब्त की गई।
यह कार विनोद उर्फ विक्की प्रजापत की है। वहीं, हरीश की निशानदेही से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल उसके घर से बरामद की गई है। इसके अलावा उसके घर से ९एमएम पिस्तौल की एक मैग्जीन भी पुलिस ने जब्त की गई है। उसमें पांच जिन्दा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार पीपाड़ शहर निवासी नाथूलाल देवासी और नई सड़क पर हनुमान भाखरी निवासी श्याम सुंदर प्रजापत को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए।
शिनाख्त परेड के बाद फिर गिरफ्तार
पुलिस ने बापर्दा गिरफ्तारी के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए चामूं निवासी नरपतलाल उर्फ नरेश जोशी व सूरसागर में भोजावतों का बास निवासी हरीश प्रजापत को प्रोडक्शन वारंट पर फिर गिरफ्तार किया है। दोनों की बुधवार को शिनाख्त परेड कराई गई थी।
मुख्य शूटर ने दी थी मैग्जीन
पुलिस वारदात का मुख्य आरोपी भीमसागर निवासी भोमाराम विश्नोई को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं पाई है। साजिश का मुख्य सूत्रधार हरेन्द्र उर्फ हीरा जाट व काली राजपूत का भी सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का कहना है कि भोमाराम ने ही हरीश को ९ एमएम पिस्तौल की मैग्जीन दी थी। जो संभवत: भोमाराम को हरेन्द्र ने मुहैया करवाई थी।