जोधपुर

Rajasthan Ka Ran : पिछले चुनाव के मुकाबले 14 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता उतारेंगी पार्टियां, बढ़ेगा राजनीतिक घमासान

कांग्रेस और भाजपा 15 व 21 के अनुपात में प्रत्येक बूथ पर उतारेंगे कार्यकर्ता
2 min read
political parties in rajasthan
Campaign for Clean Politics, changemaker, jodhpur news, jodhpur news in hindi, Rajasthan Assembly Election 2018, Rajasthan Ka Ran

अविनाश केवलिया/जोधपुर. चुनावी समर में इस साल ग्राउंड जीरो पर रणबांकुरों की फौज भी बड़ी होगी। पिछली बार से करीब 20 प्रतिशत मतदान केन्द्र बढऩे के बाद राजनीतिक दलों को भी अपनी टीम को बढ़ाना पड़ रहा है। कांग्रेस और भाजपा एक बूथ पर 15 से 21 कार्यकर्ताओं की टीम उतारने वाली है।

पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से अब तक जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 412 बूथ बढ़ाए गए हैं। इन बूथ पर दोनों ही प्रमुख राजनीतिक पार्टियां अपनी पकड़ करने के लिए टीम उतारने की तैयारी कर चुकी हैं। कांग्रेस जहां एक बूथ पर करीब 15 लोगों की टीम उतार रही है तो भाजपा की ओर से 21 कार्यकर्ता एक बूथ को संभालेंगे। दोनों ही दलों के एक अध्यक्ष और महिला कार्यकर्ता भी शामिल होंगी। इस प्रकार पूरे जिले में करीब 14 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की टीम जोधपुर के रण में उतरेगी। राज्य सरकार चुनावों में अपनी नैय्या पार लगाने के लिए खुद की योजनाओं के साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं को भी भुनाने में पीछे नहीं है। वहीं कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने अपने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता को योजनाओं की हकीकत सभी के सामने लाने के निर्देश दिए हैं।

महिला कार्यकर्ता समान, आईटी टीम में भाजपा आगे


एक बूथ पर दोनों ही पार्टियां एक बूथ अध्यक्ष के साथ ही करीब 4 से 5 महिला कार्यकर्ता उतारेगी। इसके अलावा भाजपा नवाचार के तौर पर प्रत्येक बूथ पर एक आईटी एक्सपर्ट को भी टीम में शामिल कर रही है। ताकि फील्ड वर्र्किंग के साथ सोशल मीडिया वार भी किए जा सकें।

विधानसभा क्षेत्र - बूथ (2013) - बूथ (2018)

जोधपुर शहर - 167 - 176
सूरसागर - 178 - 222
सरदारपुरा - 182 - 207
लूणी - 244 - 304
बिलाड़ा - 238 - 276
भोपालगढ़ - 233 - 293
ओसियां - 203 - 246
शेरगढ़ - 243 - 290
लोहावट - 219 - 268
फलोदी - 213 - 250

कुल - 2120 - 2532

इनका कहना है


हम एक बूथ पर 21 जनों की टीम तैनात करेंगे। इसमें 4 महिला कार्यकर्ता शामिल हैं। कुछ बूथ मिलाकर एक शक्ति केन्द्र प्रभारी होगा। इस बार बूथ बढ़े हैं तो कार्यकर्ताओं की संख्या भी बढ़ेगी।

- देवेन्द्र जोशी, शहर जिलाध्यक्ष, भाजपा।

कांग्रेस एक बूथ पर करीब 15 जनों की टीम उतारेगी। बूथ बढ़े हैं तो हमने कार्यकर्ता भी ज्यादा एक्टिव कर दिए हैं। जरूरत पडऩे पर यह संख्या बढ़ भी सकती है। इनमें महिला कार्यकर्ता भी शामिल होंगी।


- सईद अंसारी, शहर जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।

Updated on:
23 Sept 2018 10:41 am
Published on:
23 Sept 2018 10:41 am