
बालेसर. बालेसर पंचायत समिति क्षेत्र के बावरली गांव में विद्युत पोल टूटने से 5 दिन से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गत 13 नवंबर को बावरली गांव में अज्ञात वाहन की टक्कर से गांव में खड़ा विद्युत पोल टूट गया था। विद्युत पोल टूटने से विद्युत आपूर्ति की केबल टूटकर नीचे गिर गई। जिससे करीब 25 घरों में 13 नवंबर से विद्युत आपूर्ति ठप है तथा विद्युत तार झूल रहे है। जिससे विद्युत करंट का भी खतरा है। पिछले 5 दिन से अंधेरे में डूबे 25 घरों के ग्रामीणों ने डिस्कॉम कनिष्ठ अभियंता एवं अन्य अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया है। जिससे ग्रामीणों में रोष हैं। ग्रामीण उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन करेंगे। निप्र
इन्होंने कहा
बावरली गांव में विद्युत पोल टूटने व विद्युत आपूर्ति बन्द होने की सूचना मिली है। रविवार को टीम भेजकर विद्युत आपूर्ति बहाल करंेगे।- कालूराम परिहार, सहायक अभियंता बालेसर