जोधपुर

Post mortem : सात माह पहले दफन शव का करवाया पोस्टमार्टम

भजननगर में हत्या करने के आरोप के दर्ज मामले में बुधवार को करीब सात माह पहले दफन किए शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाया। कार्रवाई के दौरान लोहावट उपखंड अधिकारी भी मौजूद रहे।
2 min read
Jun 29, 2022
Post mortem : सात माह पहले दफन शव का करवाया पोस्टमार्टम
लोहावट.शव को वापस निकालने की कार्रवाई के दौरान उपस्थित एसडीएम व थानाधिकारी।

लोहावट (जोधपुर). थाना क्षेत्र के भजननगर में हत्या करने के आरोप के दर्ज मामले में बुधवार को करीब सात माह पहले दफन किए शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाया। कार्रवाई के दौरान लोहावट उपखंड अधिकारी भी मौजूद रहे।

थानाधिकारी सीआई राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि थाने में समता पत्नी रमेश विश्नोई द्वारा उसके पति को लाठियों से पीटकर टांका में डालकर जान से मारने के दर्ज मामले में शव को वापस बाहर निकालकर पोस्टमार्टम करवाने के बारे में लिखा था। उस पर जिला कलक्टर के आदेशानुसार मेडिकल बोर्ड का गठन कर दफनाए गए शव का पोस्टमार्टम करवाया तथा विसरा लिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी प्रमोद सीरवी भी मौजूद रहे।

रिपोर्ट में यह लगाए थे आरोप

पुलिस थाना में 6 अप्रेल को समता पत्नी रमेश विश्नोई निवासी भजननगर लोहावट ने रिपोर्ट दी थी कि उसकी शादी रमेश पुत्र बाबूराम विश्नोई के साथ लगभग 6 साल पहले हुई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि उसके पति को लगभग पांच महीने पूर्व में जेठ मनोहरराम पुत्र बाबूराम एवं उसकी पत्नी एवं इनके साथ उसकी सास ने मिलकर लाठियों से पीटकर घर के आगे पानी के टांके में डाल दिया।

उस दिन वह अपने रिश्तेदारों के शादी समारोह में गई थी। घर पर नहीं होने से इसका फायदा उठाकर मनोहरराम व उसकी पत्नी व सास ने मिलकर उसके पति को जान से मारा था। वह अपने रिश्तेदारों के वहां से आई तब तक उसके पति का अंतिम संस्कार कर दिया।

उसको कहा कि उसके पति जरूरी काम से बाहर गया है। ऐसा कहकर उसको दस दिन तक इन लोगों ने नहीं बताया। फिर इन लोगों ने उसके साथ अत्याचार करना शुरू कर दिया। हमेशा उसको बेहोशी के इंजेक्शन लगवाने शुरू कर दिए।

इससे उसको पता नहीं चल पाया और इन लोगों ने लगभग 5 महीनों में उसको उसके पति की मृत्यु के बारे में नहीं बताया। रिपोर्ट में पति के शव को वापस निकलवा कर मेडिकल के बारे में लिखा था।

Published on:
29 Jun 2022 07:35 pm