
जोधपुर. आपको पैसे लेने के लिए बैंक नहीं जाना है। यहां तक की एटीएम के बाहर कतार में भी नहीं लगना है। अब आपके बैंक खाते के पैसे डाकिया घर पर पहुंचा रहा है। 22 अप्रेल से लेकर 14 अप्रेल तक लॉकडाऊन के दौरान जोधपुर जिले में डाकियों ने करीब 20 लाख रुपए घर-घर पहुंचाए हैं। इस दौरान करीब 1200 परिवारों ने ट्रांजेक्शन किए हैं। शहर के नागोरी गेट, उदयमंदिर जैसे कफ्र्यू ग्रस्त इलाकों में लोग बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। जिला प्रशासन ने चार दिन पहले वहां डाकियों की मदद से ही घर-घर पैसे भेजे। डाकिया एक परिवार को 500 रुपए से लेकर 5000 रुपए दे रहा है। अत्यधिक जरुरत में वह 10 हजार रुपए तक दे सकता है। ध्यान रखने योग्य बात यह है कि जितना पैसा आप चाहते हो, उतना आपके बैंक के खाते में होना चाहिए।
6 महीने पहले शुरू की थी स्कीम, अब राम बाण साबित हुई
कोरोना संक्रमण में भारतीय डाक विभाग ने अपने उपयोगिता साबित कर दी है। विभाग ने तकरीबन छह महीने पहले आधार एनेबल्ड पेमेंट सर्विस (एईपीएस) शुरू की थी। यह सेवा नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत माइक्रो एटीएम या पोस मशीन के जरिए ग्राहक केवल आधार कार्ड नम्बर और अपने अंगूठे के बायोमेट्रिक मिलान से ही बैंक या डाकघर के खाते से पैसा निकाल सकता है और जमा करा सकता है। जोधपुर डाकमण्डल के डाकियों को भी बायोमेट्रिक मशीनें दी गई है। डाकिए फील्ड में इन मशीनों को मोबाइल के इंटरनेट के जरिए नेशनल सर्वर से कनेक्ट करते हैं।
कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में प्रतिदिन जा रहे डाकिए
नागोरी गेट व उदयमंदिर क्षेत्र में कफ्र्यू होने के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। कइयों के पास पैसे खत्म हो गए हैं तो कई जनधन खाते में केंद्र सरकार द्वारा डाले गए पैसों को निकालना चाहते हैं। चार दिन पहले एडीएम महिपाल भारद्वाज ने डाक विभाग को यह बात बताई तो उन्होंने पूरे शहर में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित नंदनवन डाकघर, शास्त्रीनगर डाकघर और पावटा स्थित कचहरी डाकघर की तीन टीमें गठित की। इस टीम में शामिल डाकियों ने अब घर-घर जाकर पैसे पहुंचाना शुरू कर दिया है। प्रतिदिन सुबह 9 बजे प्रशासन की ओर से जरुरतमंदों की सूची डाकघर को दी जाती है। इसके बाद डाकिया वहां पहुंचता है और पुलिस की सहायता से पैसे वितरित करता है। एक व्यक्ति को पेमेंट देने के बाद बायोमेट्रिक मशीन को सेनेटाइज भी करना होता है।
आपको पैसे चाहिए तो यहां सम्पर्क करें
जोधपुर उत्तर- पंकज बोहरा - 80786 72015
जोधपुर दक्षिण- संदीप मोदी - 90799 35486
जोधपुर पूर्व - रामलाल मूंड- 95301 81031
जोधपुर पश्चिम- बीएस राजपुरोहित- 74268 21835
जोधपुर मुख्यालय- ओपी सोढिया - 96027 98985
यह ध्यान रखें
- डाकिए के पास भीड़ नहीं करें।
- अगर आपके बैंक या डाकघर खाते में पैसे है तो ही डाकिया आपको पैसे देगा।
- इसके लिए आपका खाता आधार से अपडेट होना चाहिए।
- बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाने से पहले देख लें कि वह सेनेटाइज की गई है या नहीं।
- डाकिए के पास मास्क पहनकर जाए और उससे सोशियल डिस्टेंसिंग भी रखें
पूरे शहर में पैसे पहुंचा रहे हैं
लोगों की जरुरत के अनुसार हम पूरे शहर में पैसे पहुंचा रहे हैं। शहर के लोगों में इस स्कीम के प्रति अब जागरुकता आई है। एसडी शेख, प्रवर अधीक्षक, जोधपुर डाकमंडल