
जोधपुर.
नगर निगम चुनाव इसी माह होंगे या नहीं यह सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद तय होगा। लेकिन कागजी तैयारियां शुरू कर दी गई है। न्यायालय के रूख के बाद धरातल पर कार्रवाई तेज होगी। फिलहाल प्रकोष्ठों के प्रभारी व सह प्रभारी बनाकर राज्य निर्वाचन आयोग को जानकारी भेजी गई है। जोधपुर के दोनों निगम उत्तर व दक्षिण के लिए लॉटरी प्रक्रिया पहले ही हो चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार संपूर्ण निर्वाचन कार्य का समन्वयन, नियंत्रण, पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग कार्य के लिए अतिरिक्त कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (उप जिला निर्वाचन अधिकारी) मदनलाल नेहरा को प्रभारी अधिकारी व जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सचिव मुकेश चौधरी को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
यह भी होंगे प्रभारी
आरओ प्रकोष्ठ एवं एआरओ कार्य के लिए नगर निगम की उपायुक्त आकांक्षा बैरवा प्रभारी, मतदान एवं मतगणना दलों का गठन एवं नियुक्ति संबंधी कार्रवाई तथा मतदान दलों की रवानगी के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इन्द्रजीत यादव को प्रभारी बनाया है। सामान्य व्यवस्थाएं एवं मतदान सामग्री संग्रहण के लिए जेडीए के सचिव हरभान मीणा को प्रभारी अधिकारी, वाहन अधिग्रहण, आवंटन, पीओएल की व्यवस्था के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट शहर प्रथम सीमा कविया प्रभारी अधिकारी, मतदान-मतगणना दलों, एरिया मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों की प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए प्रभारी अधिकारी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सोहनलाल शर्मा व आयुर्वेद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अरूण पुरोहित प्रभारी होंगे। रूट चार्ट, पोस्ट एवं जोन निर्धारण एवं नक्शें तैयार करने के लिए भू अभिलेख शाखा के प्रभारी एवं अतिरिक्त कलक्टर तृतीय अंजुम ताहिर समा प्रभारी अधिकारी होंगे। मतदान सामग्री स्टोर वितरण एवं प्राप्ति व्यवस्था के लिए जिला रसद अधिकारी राधेश्याम डेलू प्रभारी, इवीएम तैयारी, जांच व भण्डारण व्यवस्था के लिए जेएनवियू की रजिस्ट्रार चंचल वर्मा प्रभारी, डाकमतपत्र एवं निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी करने के लिए जेडीए के उपायुक्त अनिल पूनिया प्रभारी अधिकारी, अल्पाहार एवं रसद व्यवस्थाओं के लिए जिला रसद अधिकारी प्रथम राधेश्याम डेलू को प्रभारी बनाया है। इसी प्रकार अन्य प्रकोष्ठ भी गठित किए गए हैं।