जोधपुर

महंगाई के चूल्हे पर पक रही है दालें, इस शुल्क के बढऩे से लोगों पर पड़ रही दोहरी मार

एक सप्ताह की बात करें तो मूंग दाल में ५-१० रुपए की तेजी आई है।
2 min read
• •
Updated: 23 Dec 2017, 2:20 PM IST
Pulses prices increased
price hike of pulses in india, reason for price hike of pulses in india, pulses price, rates of pulses, price hike in pulses rates, Pulses prices increased, jodhpur mandi, jodhpur news

जोधपुर . केंद्र सरकार ने करीब ६ माह पूर्व मूंग दाल का आयात बंद कर दिया और निर्यात करना शुरू किया। एक अन्य कारण घरेलू बाजार में मूंग की दाल की बढ़ती मांग की वजह से आपूर्ति कम हो रही है। इसका परिणाम यह हुआ कि मूंग दाल के भावों में तेजी आना शुरू हो गई। पिछले एक सप्ताह की बात करें तो मूंग दाल में ५-१० रुपए की तेजी आई है। वहीं अन्य दालों में आए उबाल में कमी आने से आमजन को राहत मिली है। आमजन की थाली में फिर से दाल का सपना सच होते हुए दिखने लगा है।

दलहन उद्योग पर टैक्स की मार


दाल के बढ़ते भावों का एक अन्य कारण प्रदेश में दालों पर दोहरा मंडी शुल्क भी है। एक तो जहां से उद्यमी कच्चा माल (यथा- मूंग, उड़द आदि) ला रहा है, वहां कृषि मंडी शुल्क चुका कर ला रहा है। वहीं दूसरी तरफ राज्य सरकार की ओर से प्रस्तावित कृषि मंडी शुल्क है। वर्ष १९६३ से २००५ तक राज्य के बाहर से माल लाने पर उद्यमी कृषि मंडी शुल्क का भुगतान कर माल लाते थे, इस पर उनसे यहां पर राज्य सरकार की ओर से मंडी शुल्क नहीं लिया जाता था। राज्य सरकार की ओर से वर्ष २००५ से मंडी शुल्क लागू करने से जोधपुर सहित राज्य का दलहन उद्योग प्रभावित हुआ है।


प्याज, मटर तेज

वहीं सब्जियों में वर्तमान में प्याज के भाव तेजी पर हैं। रिटेलर जेठूसिंह परिहार ने बताया कि महाराष्ट्र और गुजरात में बिना सीजन की बारिश और चक्रवात की वजह से प्याज की फसल खराब हो गई है। इस वजह से आवक कम हो रही है। मांग ज्यादा और आवक कम होने की वजह से प्याज के भावों में असामान्य तेजी बनी हुई है। वही अन्य सब्जियों में मटर और मिर्च आदि के भाव भी बढ़े हुए हैं।

अन्य दालों के भाव सामान्य

हालांकि पिछले सप्ताह की तुलना में मूंग मोगर, उड़द मोगर, तूर की दाल, चने की दाल व मसूर मल्का में प्रति किलो ५ से १० रुपए घटे हैं, लेकिन एेसी स्थिति में सरकार को दालों के भावों को लेकर सही नीति पर काम करना चाहिए, ताकि आने वाले समय में भाव नियंत्रित रहें।

-श्रेयांश जैन, व्यापारी मण्डोर मण्डी, जोधपुर

दालों के भावों में उतार-चढ़ाव


दालों के भावों में उतार-चढ़ाव ही देखने को मिल रहा है। सब्जियों के भी यही हाल हैं। पहले वाला समय नहीं है कि जब बजट या चुनावों के समय दाल-सब्जियों के भावों में परिवर्तन होता था। अब तो १५-२० दिनों में ही भावों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल जाता है। इससे गृहिणियों के घर के बजट में असंतुलन हो जाता है।

-प्रवीणबाला, गृहिणी

फर्क नजर नहीं आ रहा

अब दाल और सब्जियों के भाव आसमान पर ही रहते हैं। पहले कहा जाता था कि गरीब के लिए दाल, लेकिन अब तो दाल भी महंगी मिल रही है। दिनोदिन दालों और सब्जियों के भावों में तेजी ही दिख रही है। भावों में गिरावट विशेष नहीं देखी जा रही है। इस वजह से फर्क नजर नहीं आ रहा है।


-पुष्पा गहलोत, शिक्षिका

Published on:
Also Read
View All