जोधपुर

पंजाब के खूंखार शूटरों की एंट्री से जोधपुर में खलबली, थाने में रात-दिन अधिकारियों की चहलकदमी, सबकुछ गोपनीय

लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग से जुड़े दो इनामी शूटरों की गिरफ्तारी के बाद जोधपुर पुलिस की जांच तेज हो गई है। पूर्व विधायक की रेकी से लेकर संभावित टारगेट तक, कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
2 min read
Sep 23, 2026
jodhpur crime
Jodhpur Crime: पुलिस की गिरफ्त में बदमाश (फोटो-पत्रिका)

जोधपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर में पंजाब के दो कुख्यात शूटरों की एंट्री के बाद पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई है। दोनों आरोपियों को शहर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल से गिरफ्तार किए जाने के बाद अब जोधपुर और पंजाब पुलिस की टीमें उनसे लगातार पूछताछ कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किस मकसद से जोधपुर पहुंचे थे और क्या वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

दोनों आरोपियों को अदालत ने 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पूछताछ के लिए पुलिस के आला अधिकारियों की एयरपोर्ट थाने में लगातार आवाजाही बनी हुई है। पिछले दो दिनों से अधिकारी आरोपियों से उनके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित मंसूबों को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं। सुरक्षा कारणों के चलते जांच से जुड़ी जानकारियों को फिलहाल गोपनीय रखा जा रहा है।

होटल के कमरे से हुई थी गिरफ्तारी

राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों शूटरों को कैलाश नगर स्थित होटल सनसिटी इन के कमरा नंबर 204 से पकड़ा था। दोनों फर्जी पहचान के साथ होटल में ठहरे हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र के रहने वाले हैं।

5-5 लाख के इनामी बदमाश

पुलिस के मुताबिक दोनों पंजाब में हत्या सहित कई गंभीर मामलों में वांछित हैं और उन पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था। दोनों के खिलाफ पंजाब में कुल 12 मामले दर्ज बताए गए हैं।

यह वीडियो भी देखें :

हथियार, अफीम और संदिग्ध दस्तावेज बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 83 ग्राम अफीम का दूध, एक अवैध रिवॉल्वर, 88,100 रुपए नकद, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कथित फर्जी आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए थे। प्रारंभिक जांच में दोनों के लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी।

किसके इशारे पर पहुंचे जोधपुर?

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों शूटरों को जोधपुर किसके निर्देश पर भेजा गया था। उनके स्थानीय संपर्कों और संभावित टारगेट की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जोधपुर संभाग के एक पूर्व विधायक की रेकी किए जाने और उनकी फोटो आरोपियों के पास मिलने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एजीटीएफ दोनों की करीब डेढ़ साल से गतिविधियों पर नजर रख रही थी। नेपाल से भारत लौटने के बाद उनके राजस्थान आने की सूचना पर सिरोही से निगरानी शुरू की गई थी। अब जोधपुर में पूछताछ के दौरान सामने आ रही जानकारियों से पुलिस किसी संभावित साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Updated on:
23 Sept 2026 04:13 pm
Published on:
23 Sept 2026 04:11 pm