
भोपालगढ़. भोपालगढ़ को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी प्रांगण में गत १ नवम्बर से क्षेत्र के किसानों से राजफैड के माध्यम से समर्थन मूल्य पर ७ हजार ५० रुपए प्रति क्ंिवटल की दर से मूंग की सरकारी खरीद का काम चल रहा है। इस केन्द्र पर गत वर्ष जोधपुर संभाग के सभी १९ खरीद केन्द्रों में सर्वाधिक करीब १ लाख ३४ हजार क्ंिवटल से अधिक तथा लगभग ७५ करोड़ रुपए मूल्य के मूंग की खरीद की गई थी। इस बार अब तक ५६० किसानों से ७ करोड़ ७२ लाख ५९ हजार ३८० रुपए मूल्य के १०९५८ क्विंटल मूंग की खरीद की गई है।
सोसायटी की मुख्य व्यवस्थापक दीपाली सोनी ने बताया कि खरीद के लिए केन्द्र में ५ कांटे लगाए गए हैं और रोजाना करीब ३० से ४० किसानों से लगभग एक हजार क्ंिवटल से अधिक मूंग की खरीद कर तुलाई की जा रही है। यहां उपज बेचने आने वाले किसानों को गिरदावरी रिपोर्ट के साथ ही पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र अथवा आधार कार्ड एवं भुगतान के लिए बैंक पासबुक की फोटोकॉपी सहित सभी आवश्यक दस्तावेज लानी जरुरी है। (निसं)
भुगतान नहीं हुआ शुरु
अब तक उपज बेच चुके किसानों को उनकी उपज का भुगतान अभी तक शुरु नहीं हो पाया है। ऐसे में किसानों को रकम हाथ में नहीं आने से उपज बेचे जाने के बावजूद भी पैसा घर नहीं पहुंच रहा है।
बोरियों के लगे ढेर
मूंग की खरीद किए जाने के चलते सोसायटी परिसर एवं मदेरणा स्टेडियम में केन्द्र द्वारा खरीद की गई मूंग से भरी बोरियों के ढेर लगे पड़े हैं। अभी तक इन बोरियों को गोदाम तक पहुंचाने के लिए माल उठाने का काम तेजी नहीं पकड़ पाया है।