
जोधपुर.
देवनगर थानान्तर्गत चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर-९ में निजी अस्पताल के पास मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने मोपेड सवार महिला से पर्स लूट लिया। महिला ने लुटेरों का पीछा किया व मोटरसाइकिल नम्बर पुलिस को अवगत कराए। फलस्वरूप साढ़े तीन घंटे में पुलिस ने आमजन की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी सोमकरण के अनुसार चौहाबो में सेक्टर 5एफ निवासी सिमरन दरवानी पत्नी रमेश सिंधी अपनी बहन भारती के साथ रविवार देर शाम साढ़े सात बजे मोपेड पर सेक्टर-९ में निजी अस्पताल के पास से निकल रही थी। सिमरन के पास पर्स लटक रहा था। तब बाइक पर दो युवक पीछे से आए। एक युवक ने पर्स में झपट्टा मारा और लूटकर भाग गए।
इससे सिमरन सकपका गई और लुटेरों को पकडऩे के लिए चिल्लाने लगी। उसने मोपेड से लुटेरों की मोटरसाइकिल को पीछा करना शुरू किया। बाइक के नम्बर नोट कर लिए और लुटेरों का हुलिया भी देख लिया। लुटेरों के पकड़ में न आने पर महिला ने पुलिस को सूचना दी। पर्स में एक मोबाइल, दो एटीएम कार्ड, दो घडि़यां व कुछ रुपए रखे थे।
देवनगर थाना पुलिस वारदातस्थल पहुंची और महिलाओं से मामले की जानकारी ली। मोटरसाइकिल नम्बर व हुलिए के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई और लुटेरों की तलाश शुरू की। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे बरकतुल्लाह खां स्टेडियम के पीछे गली में जूनी मण्डी में पोस्ट ऑफिस के पास पोल निवासी लवेश वैष्णव (३८) पुत्र नंदकिशोर रामावत और पुरानी किला रोड के पास ब्रह्मपुरी में चांद बावड़ी निवासी सिद्धांत दवे (२७) पुत्र अजीत कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने महिला से पर्स लूट स्वीकार की। इनसे पर्स और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई।
एक और वारदात की फिराक में थे आरोपी
पुलिस का कहना है कि लवेश के खिलाफ नौ मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें लूट के पांच मामले शामिल हैं। पर्स लूट के बाद आरोपी एक अन्य वारदात की फिराक में थे।