जोधपुर

धोरां धरती का राहुल अब करेगा पानी में कमाल

भोपालगढ़ (जोधपुर). जिस धोरां धरती के लोग पीने के पानी के लिए भी तरसते हैं, वहां के एक लाल ने समुद्र में सरपट नौकायन करने का न केवल कमाल किया है, बल्कि हाल ही उसका चयन राष्ट्रीय सब जूनियर नौकायन (रॉविंग) प्रतियोगिता में हुआ है।
2 min read
Sep 30, 2018
Rahul will now do wonders in water
धोरां धरती का राहुल अब करेगा पानी में कमाल

भोपालगढ़ (जोधपुर). जिस धोरां धरती के लोग पीने के पानी के लिए भी तरसते हैं, वहां के एक लाल ने गहरे समुद्र में बहते पानी के विपरीत प्रवाह में भी सरपट नौकायन करने का न केवल कमाल किया है, बल्कि हाल ही उसका चयन भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय सब जूनियर नौकायन (रॉविंग) प्रतियोगिता में उत्तराखंड की ओर से खेलने वाली टीम में हुआ है। यह उपलब्धि हासिल की है।

उपखण्ड क्षेत्र के खारिया खंगार निवासी रामप्रकाश रलिया के छोटे पुत्र राहुल रलिया ने। जबकि इससे पहले राहुल के बड़े भाई राकेश ने भी नौकायन खेल में अपना नाम करते हुए विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश के लिए कई पदक भी जीते तथा उन्हें राज्य सरकार की ओर से प्रदेश का प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार महाराणा प्रताप पुरस्कार भी दिया गया है।

क्षेत्र के खारिया खंगार निवासी राहुल रलिया ने दसवीं कक्षा तक अपने गांव में ही अध्ययन करने के बाद जुलाई २०१७ में उनका चयन भारतीय सेना की गे्रनेडियर रेजिमेंट में हो गया था। वहां भर्ती होने के बाद अपने बड़े भाई राकेश रलिया की तरह राहुल की रुचि भी नौकायन खेल की तरफ हुई और करीब एक साल तक इस क्षेत्र में कठिन प्रयास किए। जिसके परिणामस्वरुप उसका चयन इस वर्ष 2 से7 अक्टूबर तक भोपाल में होने वाली 39 वीं राष्ट्रीय सब जूनियर नौकायन चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए उत्तराखंड की नौकायन टीम में हुआ है। जिसमें वह कॉक्स लेस फॉर इवेंट में भाग लेते हुए पहली बार राष्ट्रीय स्तर की नौकायन प्रतियोगिता में भाग लेगा। फिलहाल राहुल रलिया रुडक़ी के बंगाल इंजिनियर ग्रुप एन्ड सेंटर में तैनात है।

भारत के लिए खेलने की चाह
नौकायन खिलाड़ी राहुल रलिया का कहना है कि वह भारत के लिए खेलते हुए विदेशों में देश की शान बढ़ाने और विश्व नौकायन प्रतियोगिता में भाग लेकर स्वर्ण पदक पाने की अभिलाषा रखता है। मात्र एक वर्ष में ही सब जूनियर स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने के इस मुकाम को पाने वालो राहुल को उम्मीद है कि वह शीघ्र ही विदेशों मे देश का प्रतिनिधित्व कर अपने बड़े भाई राकेश की तरह ही अपना और देश का नाम रोशन करेगा।

बड़े भाई ने भी किया नाम
गौरतलब है कि राहुल रलिया के बड़े भाई राकेश रलिया भी सेना की ओर से खेलने वाले नौकायन के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और उन्होंने अब तक कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में न केवल भाग लिया, बल्कि कई बार स्वर्ण पदक विजेता टीम के भी हिस्सा रहे। राकेश की इन विविध उपलब्धियों पर राजस्थान सरकार ने गत वर्ष उन्हें वर्ष 2015 को प्रदेश का
सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार महाराणा प्रताप पुरस्कार भी प्रदान किया था। ऐसे में अब राकेश का छोटा भाई राहुल भी उनके कदम पर चलते हुए नौकायन खेल में अपना कैरियर बना रहा है।

Published on:
30 Sept 2018 12:56 am