
अमित दवे/जोधपुर. रेलवे कैरेज वर्कशॉप ने कोरोना वायरस की जांच के लिए स्वेब का नमूना लेने के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण के खतरे से बचाने के लिए आवरण ट्रॉली चैम्बर तैयार किया है। ट्रॉली चेम्बर पूरी तरह से पारदर्शी कवर का बना है।
करीब पांच किलो वजनी इस चैम्बर में प्रवेश के बाद स्वास्थ्य कर्मी चैन बंद इसे रोलिंग पहियों की मदद से इसे वांछित स्थान पर आसानी से ले जा सकते हैं। गंभीर मरीज को वेंटिलेटर उपकरण लगाते समय स्वास्थ्यकर्मी की संक्रमण होने की संभावना से रोकथाम के लिए प्लास्टिक आवरण का पारदर्शी स्लाइडिंग बॉक्स भी बनाया गया है। इससे वेंटिलेटर उपकरण को मरीज के शरीर पर लगाते समय स्वास्थ्यकर्मी संक्रमण से पूर्ण सुरक्षित रहेंगे।
रेलवे अस्पताल को सौंपा
रेलवे कार्यशाला के उप मुख्य अभियन्ता ललित शर्मा के निर्देशन में तकनीकी कर्मचारी पूनमसिंह, हरीकिशन, चन्द्रशेखर, राजेन्द्रप्रसाद तथा राजेश ने इन उपकरणों को मूर्त रूप दिया। रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम ने ट्रॉली व स्लाइडिंग बॉक्स की जांच कर इनको उपयोगी बताया। जांच के बाद मुख्य कारखाना प्रबंधक अखिलेश कुमार ने ट्रॉली चैम्बर व स्लाइडिंग बॉक्स रेलवे अस्पताल को उपयोग करने के लिए सुपुर्द किया।