जोधपुर

सांसदों की मीटिंग में रेलवे ने पेश किए झूठे आंकड़े!

- दीया कुमारी ने की रेलमंत्री से शिकायत - रेलवे ने कहा रेण स्टेशन पर प्रतिदिन सफ र कर रहे है 20 यात्री - वास्तव में प्रति ट्रेन 70 यात्री कर रहे है सफर
2 min read
Sep 29, 2019
सांसदों की मीटिंग में रेलवे ने पेश किए झूठे आंकड़े!
सांसदों की मीटिंग में रेलवे ने पेश किए झूठे आंकड़े!

जोधपुर।

रेलवे द्वारा सांसद को गलत जानकारी देने का मामला सामने आया है। गत ७ सितम्बर को उत्तर पश्चिम रेलवे की सांसदों के साथ मण्डलीय समिति की जयपुर में मीटिंग हुई थी। जिसमें उत्तर पश्चिम रेलवे के अन्तर्गत आने वाले सांसदों ने भाग लिया था। बैठक सांसदों के क्षेत्रों में विभिन्न मांगों को लेकर थी । बैठक में सांसद दीयाकुमारी ने जोधपुर मंडल के रेण स्टेशन पर रणथम्भौर व सालासर एक्सप्रेस ठहराव की मांग की थी जिसके जवाब में उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से रेण स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों व आय के गलत आंकडे़ पेश किए गए। रेलवे ने वर्ष 2016 में रेण रेलवे स्टेशन पर आय व प्रति ट्रेन सफर करने वाले यात्रियों के आंकड़ें झूठे पेश किए।

सांसद ने रेलमंत्री से की शिकायत

उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों द्वारा झूठी जानकारी देने पर सांसद दीयाकुमारी ने रेलमंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

रेलवे का रिमार्क कोरा झूठ

रेण स्टेशन पर चार जोड़ी मेल एक्सप्रेस व तीन जोड़ी सवारी गाड़ी के साथ एक जोड़ी अतिरिक्त हॉली डे विशेष गाड़ी का ठहराव है। रेण स्टेशन का औसतन प्रतिदिन प्रति गाड़ी यात्री भार 20 व आय 1126 रुपए है जो रेलवे बोर्ड की ठहराव नीति के मानक से कम है। अत: सुझावित अतिरिक्त गाडि़यों का ठहराव दिया जाना वाणिज्यिक एवं परिचालन दृष्टि से औचित्यपूर्ण नहीं है ।

हकीकत यह है

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से पेश आंकड़ों में रेण स्टेशन की सालाना आय 65 लाख रुपए बताई गई जबकि आरटीआइ कार्यकर्ता दीनदयाल बंग को आरटीआइ से प्राप्त जानकारी अनुसार वित्तीय वर्ष 2016-17 में इस स्टेशन की आय एक करोड़ रुपयों से ज्यादा थी। वित्तीय वर्ष 2018-19 में इस स्टेशन से रेलवे को करीब दो करोड़ की आय अर्जित हुई। 2018-19 वित्तीय वर्ष में औसतन प्रति जोड़ी यात्री यात्री आय 3500 व यात्री भार करीब 140 रहा । रेण स्टेशन वर्तमान में एनएसजी 5 श्रेणी का स्टेशन है। एनएसजी 5 श्रेणी में वह स्टेशन आते है जिनकी सालाना आय 1 करोड़ से 10 करोड़ रुपयों के मध्य हो ।

-----------

सुधार कर रहे

बैठक में सांसद दीयाकुमारी को जोधपुर मण्डल के रेण स्टेशन से संबंधित गलत जानकारी जानबूझकर नहीं दी गई। मानवीय भूल हो सकती है। गलती का सुधार किया जा रहा है।

अभय शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी

उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर

Updated on:
29 Sept 2019 09:39 pm
Published on:
29 Sept 2019 09:39 pm