
जोधपुर. चक्रवाती तूफान ‘महा’ थोड़ा कमजोर हो गया है। यह लगातार गुजरात तट की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार दोपहर को गुजरात तट से टकराने के बाद शाम होते-होते यह कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। उधर पश्चिमी विक्षोभ के उत्तरी पाकिस्तान तक आने के कारण थार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण तंत्र कायम हो गया है। चक्रवाती तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के आपस में टकराने से कश्मीर, पंजाब सहित कई इलाकों में भारी बरसात होने की संभावना है।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज आंधी आ सकती है। इस दौरान बरसात के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मारवाड़ के कई हिस्सों में बादलों की घनी आवाजाही के साथ बूंदाबांदी होगी। शुक्रवार को मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। चक्रवाती तूफान महा बुधवार शाम तक गुजरात तट से करीब 350 किलोमीटर दूर था। इसके असर से बुधवार सुबह से ही जोधपुर सहित मारवाड़ के कई हिस्सों में बादलों की हल्की आवाजाही शुरू हो गई।
सूर्यनगरी में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह मौसम में हल्की ठंडक घुली हुई थी। दिन चढऩे के साथ तापमान में बढ़ोतरी होती गई। दिनभर धूप व छांव का मौसम रहा। रात को बादलों की घनी आवाजाही शुरू हो गई। कुछ स्थान पर छींटे भी गिरे। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम बना रहा। बाड़मेर और जैसलमेर में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 20 और अधिकतम 32 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा 22.3 और दिन का 33.3 डिग्री मापा गया।