Pachpadra-Patau Highway : बजट से पूर्व राजस्थान के लिए अच्छी खबर। पचपदरा–पटाऊ हाईवे 300 करोड़ की लागत से फोरलेन बनेगा। इससे जहां रिफाइनरी की रफ्तार बढ़ाएगी वहीं ये सुविधाएं भी मिलेंगी।
राजस्थान के लिए एक खुशखबर। पचपदरा क्षेत्र के लिए एक बड़ी और दूरगामी सौगात के रूप में पचपदरा से पटाऊ तक 300 करोड़ रुपए की लागत से 20 किमी फोरलेन सड़क का निर्माण होने जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) की ओर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का पूरा सर्वे कर रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है और परियोजना को अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार जून के बाद इस सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी। दरअसल, पचपदरा में रिफाइनरी के शुरू होने के बाद इस पूरे क्षेत्र में यातायात का दबाव तेजी से बढ़ा है। भारी वाहनों, कच्चे माल की ढुलाई, कर्मचारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की आवाजाही के कारण मौजूदा सड़कें नाकाफी साबित हो रही थीं।
इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क तंत्र को मजबूत करने की दिशा में यह बड़ा कदम उठाया गया है। प्रस्तावित फोरलेन सड़क न केवल पचपदरा और पटाऊ को बेहतर ढंग से जोड़ेगी, बल्कि इसे भारतमाला परियोजना के जंक्शन से भी जोड़ा जाएगा। इससे यह राष्ट्रीय स्तर के सड़क नेटवर्क का अहम हिस्सा बन जाएगी।