
RP Bohre/जोधपुर. राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के बुधवार को हुए वार्षिक चुनाव में रणजीत जोशी ने लगातार १३ वीं बार अध्यक्ष पद का चुनाव जीत कर १२ बार जीतने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला। जोशी को चतुष्कोणीय मुकाबले में ११२९ मत प्राप्त हुए। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी नाथूसिंह को ८६८ मत प्राप्त हुए। इनके अलावा एएजी शिवकुमार व्यास और डीके गौड़ भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल थे। उपाध्यक्ष पद पर कपिल बोहरा, महासचिव पद पर धनराज वैष्णव, कोषाध्यक्ष पद पर पुखराज गोदारा, पुस्तकालय सचिव पद पर अरुणा मांगलिया व सह सचिव पद पर दिलीप शर्मा विजयी हुए।
उपाध्यक्ष पद पर विजयी कपिल बोहरा को ४६८ मत और पीडी दवे को ३९५ मत मिले। महासचिव पद पद धनराज वैष्णव को ५०७ व राजकुमार यादव को ४२६ मत प्राप्त हुए। कोषाध्यक्ष पद पर पुखराज गोदारा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से ८५ मतों से जीते। इस पद के लिए गोदारा को ४७२, लक्ष्मीनारायण को ३०८, नवलसिंह को २४९ व कृपाराम को १६३ मत मिले। वहीं पुस्तकालय सचिव पद पर विजयी रही अरुणा मांगलिया को ५८९, मनोजसिंह को ४४४, देवेश बोहरा को ४२३, पुखराज जैन को ४१० और सोनू मानावत को ३८४ मत प्राप्त हुए। सह सचिव पद के लिए विजयी दिलीप शर्मा को १०७५ मत मिले। वहीं दीपाराम चौधरी को ८७८, एमडी कल्ला को २०७, विजय रावल को ८३ और ५३ वोट खारिज हुए।
८२.५४ प्रतिशत मतदान हुआ
इससे पहले सुबह १० बजे शुरू हुआ मतदान शाम ५ बजे तक जारी रहा। हालांकि मतदान समाप्त होने की समय सीमा ४ बजे थी, लेकिन ४ बजे तक जो ८२.५४ प्रतिशत मतदाता लाइनों में लग गए, उन्हें मतदान करने की अनुमति दी गई। इस बार कुल मत २७८४ थे, जिनमें से २२९८ ने मतदान किया। जबकि तीन वोटर्स के पास आईडी नहीं होने के कारण उन्होंने टेंडर वोट के रूप में मतदान किया। यह मतदान ८२.५४ प्रतिशत रहा।