जोधपुर

Jodhpur Mayor Election 2026 Live: वोटिंग शुरू होने के बाद बवाल, कांग्रेस पार्षद हुए नाराज, बोले- गलत व्यस्था है

Jodhpur Mayor Election: जोधपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए आज मतदान होगा। भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता और कांग्रेस के राजेंद्र सिंह सोलंकी के बीच मुकाबला है।
2 min read
• •
Sep 25, 2026
jodhpur mayor election
जोधपुर मेयर वोटिंग के बीच हंगामा

जोधपुर . दस महीने बाद शुक्रवार को जोधपुर को नया महापौर मिलेगा। इसके लिए सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक नगर निगम कार्यालय में मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर महापौर की घोषणा की जाएगी। निगम के 100 वार्डों के नव निर्वाचित पार्षद निगम कार्यालय परिसर में तृतीय मंजिल पर सभा भवन में बैलेट पेपर से मतदान करेंगे।

मतदान केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के बाहर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग भी की गई है। नगर निगम से लेकर मतदान केंद्र तक पार्षदों की आवाजाही के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। महापौर पद के लिए मतदान को लेकर पार्षदों का नगर निगम कार्यालय पहुंचने का सिलसिला जारी है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के बाद आरएलपी पार्षद मोहम्मद इरफान भी निगम कार्यालय पहुंच गए हैं।

कांग्रेस पार्षदों ने जताई नाराजगी

कांग्रेस पार्षद प्रदीप गांग मतदान करने के बाद सबसे पहले बाहर आए। उन्होंने बताया कि वोट डालने के तुरंत बाद उन्हें बाहर भेज दिया गया। इस व्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसे गलत बताया। उन्होंने प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि जब सभी पार्षदों के बैठने की व्यवस्था की गई है तो मुझे बाहर क्यों भेजा गया? साथ ही भाजपा पार्षदों को जब बाहर भेजा गया तो भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने निगम का गेट खुलवाकर पार्षदों को वापस अंदर बुला लिया। भाजपा पार्षदों के दोबारा निगम में जाने पर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि जब कांग्रेस पार्षदों को मतदान के बाद बाहर कर दिया गया, तो भाजपा पार्षदों को वापस अंदर क्यों जाने दिया गया।

वहीं, जब कांग्रेस पार्षदों की बस जब मतदान के लिए पहुंच रही थी, तभी पुलिस ने उसे रोक लिया। बस रोके जाने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध जताया। विरोध के बाद बस को मतदान के लिए रवाना किया गया।

नगर निगम चुनाव के क्या थे परिणाम?

निगम के 100 वार्डों के लिए गत 11 सितम्बर को मतदान कराया गया था। 14 सितम्बर को 99 वार्ड और वार्ड-50 की मतगणना 17 सितम्बर को पूरी हो पाई थी। इसमें भाजपा के 45 व कांग्रेस के 44 पार्षद ने जीत हासिल की थी। एक आरपीएल व दस निर्दलीय पार्षद जीते थे। भाजपा ने 10 में से सात निर्दलीय का समर्थन होने का दावा किया था। जबकि एक आरएलपी व तीन निर्दलीय कांग्रेस के खेमे में होने का दावा किया जा रहा है। गत 19 फरवरी को भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षद प्रसन्नचन्द मेहता व कांग्रेस के हाइब्रिड प्रत्याशी के रूप में वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह सोलंकी ने महापौर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए थे।