
Rajasthan Police Constable Recruitment : जोधपुर। गत 27 व 28 दिसम्बर को बालसमन्द के पास सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर में कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में एक अभ्यर्थी ने हेराफेरी कर पांच किमी की दौड़ उत्तीर्ण कर ली। अलवर जिले में रैणी तहसील के अमाला गांव निवासी गौरव मीणा ने पांच किमी की दौड़ लगाई थी। उसे चेस्ट नम्बर आवंटित किए थे। साथ ही दौड़ रीडिंग के लिए पांवों में चिप-1 व चिप-2 लॉक की गई थी। दौड़ समाप्ति के बाद जांच में चक्कर के समय और दोनों चिप के समय में असंगतता पाई गई।
चिप-1 में दस चक्कर व चिप-2 में 12 चक्कर की रीडिंग आई थी। चिप-2 की रीडिंग एक अन्य अभ्यर्थी सवाई माधोपुर जिले में गंगापुर तहसील के हीरापुर निवासी बलराम मीणा के समान पाई गई थी। परीक्षा लेने वाली एजेंसी की जांच में यह गड़बड़ी उजागर हुई। इस संबंध में गौरव मीणा और बलराम मीणा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि पांच किमी दौड़ के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी के दोनों पांवों में एक-एक चिप बांधी जाती है। जो सेंसर से कनेक्ट होती है। सेंसर के मार्फत चिप में प्रत्येक चक्कर व समय की गिनती होती है। दोनों चिप्स में सैकण्ड के माइक्रो समय की गणना होती है। गौरव ने अपनी चिप-2 को बलराम को देकर दौड़ उत्तीर्ण कर ली।