जोधपुर

नहीं बढ़ी मूंगफली खरीद की अवधि राजफैड ने तुलाई रोकी

राजफैड ने गुरुवार को मूंगफली की अंतिम तुलाई होने के साथ ही स्पष्ट कर दिया है कि अब न तो मूंगफली और न मूंग की दोबारा तुलाई शुरू होगी।
2 min read
Feb 01, 2019
Rajfad stopped importing of groundnut peanuts
नहीं बढ़ी मूंगफली खरीद की अवधि राजफैड ने तुलाई रोकी

बिलाड़ा/फलोदी. राजफैड ने गुरुवार को मूंगफली की अंतिम तुलाई होने के साथ ही स्पष्ट कर दिया है कि अब न तो मूंगफली और न मूंग की दोबारा तुलाई शुरू होगी। स्पष्ट किया गया है कि राजस्व विभाग ने जो आंकड़े जोन में मूंग एवं मूंगफली की बुवाई के दिए थे, उससे कहीं अधिक मात्रा में राजफेड ने मूंग एवं मूंगफली किसानों से खरीदे हैं।


राजफैड के क्षेत्रीय अधिकारी भवानी सिंह शेखावत के अनुसार जोन के जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही, जैसलमेर एवं बाड़मेर के विभिन्न मूंग- मूंगफली खरीद केंद्रों के माध्यम से 7 लाख 68 हजार क्विंटल मूंग ( 535 करोड़ 70 लाख रुपए का) तथा 5 लाख 86 हजार क्विंटल मूंगफली की तुलाई हुई, जिसकी 286 करोड़ 77 लाख की राशि किसानों में बांटी जाएगी।


शेखावत ने बताया कि जोन के किसानों में अब तक मूंगफली तुलाई के पेटे किसानों के बैंक खातों में 108 करोड़ 80 लाख का चुकारा किया है तथा जल्द ही शेष 178 करोड़ का चुकारा भी किसानों के खातों में कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मूंग खरीद की भी किसानों के बैंक खातों में 338 करोड़ 78 लाख का चुकारा कर दिया गया है। शेष 207 करोड़ की राशि भी जल्द ही किसानों के खातों में डाली जा रही है।


बिलाड़ा के किसानों के 32 करोड़ बकाया

जिले के अन्य मूंगफली केंद्रों से बिलाड़ा कृषि उपज मंडी में को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी एवं सहकारी समिति के माध्यम से राजफैड को 7 हजार 53 किसानों ने पंजीयन कराया। इसमें से 4 हजार 394 किसानों से 73 हजार 378 क्विंटल मूंग तुला। इसकी 51 करोड़ 19 लाख की राशि बनी। इस राशि में से राजफैड ने 18 करोड़ 86 लाख की राशि किसानों के खातों में डाली है तथा 32 करोड़ 33 लाख की राशि राजफैड में बकाया है।


किसानों की उम्मीदों पर फिरा पानी
फलोदी क्षेत्र के किसानों ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र मेें बताया था कि समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद के लिए स्थापित खरीद केन्द्रों पर कभी बारदाना की किल्लत तो कभी भण्डारण के लिए गोदाम का अभाव होने से बार-बार खरीद प्रक्रिया में व्यवधान आता रहा। जिससे कई किसान मूंगफली बेचने से वंचित रह गए। उन्होंने मूंगफली खरीद की अंतिम तिथि एक पखवाड़े तक बढ़ाने का आग्रह किया था, लेकिन गुरुवार शाम तक भी यह अवधि बढऩे का कोई आदेश समिति के पास नहीं पहुंचने से किसान मायूस नजर आए।

अंतिम दिन देर शाम तक भी जारी रही खरीद
फलोदी में समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद की अंतिम तिथि गुरुवार को पूरी हो गई। किसानों की उपज की खरीद देर शाम तक भी जारी रही, जिससे खरीद केन्द्र पर किसानों का जमावड़ा लगा रहा। फलोदी, लोहावट व बापिणी में खरीद केन्द्र स्थापित किए गए।

Published on:
01 Feb 2019 12:08 am