जोधपुर

राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी को भातृशोक, संवेदना जताने आने वाले लोगों का तांता

रामनारायण डूडी के बड़े भाई पूनाराम डूडी के निधन के बाद उनके निवास पर शोक व्यक्त करने एवं संवेदना जताने आने वाले लोगों का तांता सा लगा हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 3 May 2018, 2:08 PM IST
Ramnarayan Dundi

भोपालगढ़, (जोधपुर)। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामनारायण डूडी को राजनीति के क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित करने एवं इस दिशा में आगे बढ़ाने वाले उनके बड़े भाई पूनाराम डूडी (85) का गत रविवार को आकस्मिक निधन हो गया था। जिसके बाद उनके निवास पर शोक व्यक्त करने एवं संवेदना जताने आने वाले लोगों का तांता सा लगा हुआ है।

गौरतलब है कि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामनारायण डूडी को राजनीति में आने की सबसे पहली प्रेरणा उनके बड़े भाई पूनाराम डूडी ने ही दी थी और इसके साथ ही सन 1977 में जब डूडी ने विधानसभा का पहला चुनाव लड़ा, तो उन्होंने ही चुनाव प्रचार एवं व्यवस्थाओं आदि की सारी कमान संभाली थी। वे करीब 85 वर्ष के थे और आखरी समय तक उन्हें कोई गंभीर बीमारी आदि नहीं थी। जिसकी वजह से वे अभी भी पूरे गांव में घूमकर लोगों से मिलते-जुलते रहते थे।

गत रविवार को अचानक कुछ समय के लिए उनकी तबीयत खराब हुई और जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी ओर सांसद डूडी के भाई के निधन पर शोक व्यक्त करने एवं संवेदना जताने के लिए रोजाना सैकड़ों लोगों के साथ ही कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण कार्यकर्ता रतकुडिय़ा पहुंच रहे हैं।

गुरुवार सुबह क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री कमसा मेघवाल, भोपालगढ़ प्रधान चिमनसिंह धेडू, भाजपा रतकुडिय़ा मंडल अध्यक्ष श्याम चोयल व खांगटा सरपंच उम्मेदसिंह खोजा समेत कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने रतकुडिय़ा पहुंचकर सांसद डूडी एवं उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और स्व. डूडी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धाजंलि अर्पित की।

Published on: