जोधपुर

चावल खुर्द-बुर्द करने वाले चालक के घर पहुंची रांची पुलिस, नोटिस चस्पां

- छह साल पहले ट्रक में भरा चावल खुर्द-बुर्द करने का मामला, रांची कोर्ट में पेश होने के निर्देश- मूंगफली से भरा ट्रक खुर्द-बुर्द करने के आरोप में हो चुका है गिरफ्तार
less than 1 minute read
Aug 11, 2021
चावल खुर्द-बुर्द करने वाले चालक के घर पहुंची रांची पुलिस, नोटिस चस्पां
चावल खुर्द-बुर्द करने वाले चालक के घर पहुंची रांची पुलिस, नोटिस चस्पां

जोधपुर.

झारखण्ड की राजधानी रांची में ट्रक में भरे चावल को खुर्द-बुर्द करने के आरोपी चालक की तलाश में मंगलवार को रांची पुलिस जोधपुर के सालोड़ी गांव पहुंची। आरोपी के पकड़ में न आने पर रांची कोर्ट में पेश होने के संबंध में घर पर नोटिस चस्पां किया गया।
रांची पुलिस के उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में रांची से ट्रक में चावल भरकर गंतव्य के लिए रवाना किए गए थे। राजीव गांधी थानान्तर्गत सालोड़ी गांव निवासी सुभाषराम बिश्नोई ट्रक चालक था। चावल गंतव्य स्थान पहुंचाने की बजाय चालक ने खुर्द-बुर्द कर दिए थे। इस संबंध में रांची में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। तब से आरोपी सुभाषराम पुत्र गोकुलराम बिश्नोई फरार है। रांची कोर्ट ने उसे 10 अगस्त दोपहर 12 बजे तक पेश होने के आदेश जारी किए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुआ।

ऐसे में रांची पुलिस जोधपुर पहुंची और राजीव गांधी नगर थाना पुलिस की मदद से सालोड़ी गांव में सुभाष बिश्नोई के घर पहुंची, लेकिन आरोपी नहीं मिला। ऐसे में पुलिस ने कोर्ट की ओर से जारी नोटिस घर के दरवाजे पर चस्पां किया। साथ ही सुभाष को कोर्ट में पेश करने के संबंध में परिजन को अवगत कराया।

मूंगफली से भरा ट्रक भी कर चुका है खुर्द-बुर्द

पुलिस का कहना है कि सुभाष बिश्नोई व उसके साथियों ने मूंगफली से भरा ट्रक भी खुर्द-बुर्द किया था। करवड़ थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने चावल से भरा ट्रक खुर्द-बुर्द करना कबूला था। रांची पुलिस उसे पकड़ती उससे पहले वह जमानत पर छूट गया था।

Published on:
11 Aug 2021 12:25 am