
जोधपुर. अजमेर की घुघरा घाटी स्थित हाई सिक्योरिटी जेल में जोधपुर जिले के हार्डकोर से डरा-धमकाकर साठ हजार रुपए वसूलने वाले हिस्ट्रीशीटर को बोरानाडा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
उप निरीक्षक संतोष कुमार के अनुसार प्रकरण में जयपुर के ब्रह्मपुरी थानान्तर्गत अजमेर रोड निवासी हिस्ट्रीशीटर दीपक गुर्जर पुत्र रतीराम को अलवर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करके लाया गया। उससे हाई सिक्योरिटी जेल में मोबाइल का उपयोग कर अवैध वसूली के संबंध में पूछताछ की गई। बाद में रविवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया।
पत्नी के खाते में जमा करवाए थे साठ हजार रुपए
जोधपुर का हार्डकोर भाटेलाई पुरोहितान निवासी कैलाश मांजू अजमेर की घुघरा घाटी स्थित हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है। उसके रिश्तेदार प्रदीप कुमार बिश्नोई ने गत 10 अक्टूबर को बोरानाडा थाने में आतिश व दीपक गुर्जर के खिलाफ अवैध वसूली करने का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि हाई सिक्योरिटी जेल में बंद रहने के दौरान दोनों आरोपियों ने मांजू को धमकाया था। फिर रिश्तेदार प्रदीप के व्हॉट्सऐप पर आरोपी ने फोटो भेजकर पत्नी के बैंक खाता नम्बर दिए थे। जिसमें रिश्तेदार ने साठ हजार रुपए जमा कराए थे।