जोधपुर

जेएनवीयू की नियमित परीक्षाएं शुरू, 65 हजार परीक्षा देने पहुंचे

jnvu news -स्वयंपाठी परीक्षाओं में अब तक 48 नकलची पकड़े, आज से बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा
2 min read
जेएनवीयू की नियमित परीक्षाएं शुरू, 65 हजार परीक्षा देने पहुंचे
जेएनवीयू की नियमित परीक्षाएं शुरू, 65 हजार परीक्षा देने पहुंचे

जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की नियमित परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन प्रथम पारी में बीए तृतीय वर्ष और दोपहर की पारी में बीए प्रथम वर्ष का पर्चा हुआ। संभाग भर से करीब 65 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण रही। शुक्रवार को बीए द्वितीय वर्ष का पर्चा शुरू हो रहा है। उधर स्वयंपाठी परीक्षाओं में अब तक नकल करते हुए 48 जने पकड़े गए हैं। सभी 48 नकलची परीक्षार्थियों के विरुद्ध नकल के मामले दर्ज किए गए हैं। स्वयंपाठी परीक्षाएं 14 फरवरी से शुरू हुई थी।

जेएनवीयू की ओर से जोधपुर, पाली, जालोर, जैसलमेर और बाड़मेर के कॉलेजों में गुरुवार को एक साथ नियमित परीक्षाएं शुरू हुई। बीए तृतीय वर्ष के लिए 30 हजार 738 और बीए प्रथम वर्ष के लिए 34 हजार 289 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। बीए की परीक्षाओं के बाद शनिवार को बीएससी की परीक्षाएं भी शुरू होगी। बीएससी/ बीएससी (गृह विज्ञान) प्रथम वर्ष की परीक्षा 14 मार्च, द्वितीय वर्ष की 17 मार्च, तृतीय वर्ष की 18 मार्च से, बीकॉम प्रथम वर्ष 16 मार्च, बीकॉम द्वितीय वर्ष 17 और बीकॉम तृतीय वर्ष 18 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा में संभाग भर से एक लाख 25 हजार 548 नियमित विद्यार्थी परीक्षा में बैठ रहे हैं। इसमें 70 हजार 530 छात्र और 55 हजार 25 छात्राएं शामिल है। परीक्षाएं दो पारी में हो रही है। पहली पारी सुबह 7 से 10 और दूसरी पारी अपराह्न 3 से शाम 6 बजे तक होगी।

परीक्षा आवंटन को लेकर विरोध
प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम बिश्नोई के बाद राजस्थान कांग्रेस कमेटी के सचिव रतन देवासी ने भी जेएनवीयू कुलपति प्रोफेसर प्रवीण चंद्र त्रिवेदी को पत्र लिखकर संभाग के निजी कॉलेजों में परीक्षा केंद्र आवंटन को लेकर चिंता प्रकट की है। देवासी ने अपने पत्र में लिखा है कि परीक्षा केंद्र आवंटन को लेकर विभिन्न शिकायतें मिल रही है। ऐसा लग रहा है कि परीक्षा केंद्र आवंटन में विवि ने किसी पॉलिसी की पालना नहीं की।

Published on:
12 Mar 2020 07:50 pm