
जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को तेज हवाएं चलने के कारण थर्मामीटर काबू में रहा। जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर के अधिकांश हिस्सों में तापमान चालीस डिग्री के भीतर रहा लेकिन गर्मी से कोई खास राहत मिलती नजर नहीं आई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में वृद्धि होगी और तेज गर्मी पड़ेगी।
सूर्यनगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे सुबह से ही गर्मी का मौसम था। तेज धूप निकली। सुबह दस बजे ही शहर को गर्मी ने अपनी आगोश में ले लिया। हालांकि दोपहर में तेज हवाएं भी चलनी शुरू हो गई। इससे अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रहा जो लगभग कल के समान ही था। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी तेज हवाओं का मौसम रहा। फलोदी में रात का तापमान 26.2 व दिन का 39.2 डिग्री रहा।
बाड़मेर और जैसलमेर में भी ऐसा ही मौसम रहा। यहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 25.7 व 20.9 और अधिकतम 40.8 व 38.2 डिग्री मापा गया।