जोधपुर

हमले का बदला : दिनदहाड़े भीड़ के बीच युवक को चाकू मारा

- दावत में चाकू-बैस बॉल बैट से हमले का मामला - घायल के हिस्ट्रीशीटर पिता व तीन चाचा और अन्य ने पुरी तिराहे पर बोला हमला - मौके से फरार हमलावरों की एसयूवी बाइजी का तालाब के पास मिली
2 min read
May 04, 2019
Revenge : attack on two bike riders, one injured
हमले का बदला : दिनदहाड़े भीड़ के बीच युवक को चाकू मारा

जोधपुर.
उदयमंदिर आसन में गायों की फाटक के पास दावत में हमले के दौरान दो युवकों के घायल होने के मामले ने शुक्रवार को उस समय बदले का रूप ले लिया। जब एसयूवी में सवार हिस्ट्रीशीटर, उसके तीन भाइयों व अन्य ने शुक्रवार शाम सोजती गेट पर पुरी तिराहे के पास मोटरसाइकिल सवार दो जनों को रोका व एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। मामला बढऩे की आशंका के चलते महात्मा गांधी अस्पताल व आसन में अतिरिक्त पुलिस और आरएसी लगा दी गई। उधर, दावत में दो जनों पर चाकू से हमला करने के मामले में नागौरी गेट थाना पुलिस ने एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया।

थानाधिकारी प्रदीप शर्मा के अनुसार गायों की फाटक निवासी रमजान पुत्र अब्दुल जब्बार व मोहम्मद सलीम पुत्र मोहम्मद अशरफ शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल पर पुरी तिराहे से निकल रहे थे। दूध की दुकानों के सामने एसयूवी में आए छह युवकों ने दोनों को रोक लिया। सभी छह जनें नीचे उतरे और दोनों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने मोहम्मद सलीम को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। एक हमलावर ने चाकू से सलीम पर वार कर दिए। उसके सिर में भी चोट आई। खून निकलने पर सभी एसयूवी में बैठ भाग निकले।
आस-पास के लोगों ने घायल को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव सहित पुलिस के अनेक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। हमलावरों की तलाश में नाकाबंदी कराई गई। तब हमलावर बाइजी का तालाब के पास कार छोडक़र भाग निकले।

उदयमंदिर थाना पुलिस ने रमजान की रिपोर्ट पर आसन निवासी शमशेर पुत्र यासीन मोहम्मद, उसके भाई रियाज, फैयाज, अली मोहम्मद, जगदम्बा कॉलोनी निवासी वसीम उर्फ मुल्लाजी व दर्पण के पीछे निवासी अनवर शेख के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर शमशेर ने गुरुवार देर रात अपने पुत्र साहिल पर चाकू से हमले का बदला लेने के लिए सलीम पर हमला किया।
चाकू से हमले का आरोपी बाल अपचारी पकड़ा

गायों की फाटक के पास दावत के दौरान उपजे विवाद के बाद कुछ लोगों ने मकान में हमला कर दिया था। चाकू से हमले में साहिल पुत्र शमशेर व नियाज मोहम्मद घायल हो गए थे। दो अन्य के भी चोट आई थी। नागौरी गेट थाना पुलिस ने नियाज मोहम्मद व मोहम्मद साबिर की तरफ से जानलेवा हमले के परस्पर विरोधी मामले दर्ज किए। थानाधिकारी लूणसिंह ने बताया कि साहिल पर चाकू से हमले में आरोपी गायों की फाटक निवासी एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है।
पुरानी रंजिश के साथ राजनीति विवाद है कारण

पुलिस उपायुक्त धर्मेन्द्रसिंह यादव का कहना है कि चाकू से हमले का बदला लेने के लिए शुक्रवार शाम दो जनों पर हमला किया गया था। एक युवक घायल हुआ है। साहिल पर हमले के मामले में एक व्यक्ति को पहले ही पकड़ लिया गया था। दोनों पक्षों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
04 May 2019 01:14 am
Published on:
04 May 2019 01:14 am