
फलोदी (जोधपुर). रोडवेज बस स्टैण्ड से दो किलोमीटर की परिधि में अवैध निजी बसों का संचालन बंद न होने से आक्रोशित रोडवेज कर्मियों ने इनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। फलोदी डिपो के कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह अंबेडकर सर्किल चौराहा पर एकत्रित होकर निजी एवं अवैध वाहनों को वहां से खदेड़ा। जिससे मौके पर टकराव के हालात बने रहे।
राजस्थान उच्च न्यायालय ने राजस्थान पथ परिवहन निगम के बस स्टैण्डों से दो किलोमीटर की परिधि में अवैध एवं निजी बसों का संचालन बंद करने के आदेश दे रखे है, लेकिन पालना के लिए प्रशासन, पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इससे रोडवेज को नुक्सान हो रहा था। इससे गुस्साए फलोदी आगार के कर्मचारियों के जत्थे ने शुक्रवार सुबह रोडवेज बसों सहित अंबेडकर सर्किल पर डेरा डाले रखा। वहां से संचालित होने वाली अवैध एवं निजी बसों को रूकवाकर यात्रियों को रोडवेज बसों में चढ़ाया।
रोडवेजकर्मियों की इस कार्रवाई से निजी बस ऑपरेटर्स भी तैश में आ गए। मौके पर गहमागहमी के बीच टकराव के हालात बन गए। बाद में एक बार सभी निजी बसों को वहां से हटवाकर सर्किल सर्किल पर संचालित अवैध बस स्टैण्ड को एक बार खाली करवा दिया।
फलोदी आगार के मुख्य प्रबंधक ओमप्रकाश पालीवाल ने बताया कि निगम मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों की पालना में निगम कर्मियों ने सर्किल पर निजी वाहन संचालकों द्वारा बनाए गए अस्थाई स्टैण्ड को हटाने व उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित कराने के आग्रह को लेकर स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन देने तथा कार्रवाई कराने के लिए लगातार निवेदन किए जाने का निर्णय किया गया है।
बीएमएस अध्यक्ष मालमसिंह भाटी ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश पर अमल होने और अंबेडकर सर्किल से अनाधिकृत बस स्टेण्ड हटने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।