जोधपुर

क्राइम फाइल : जोधपुर में लुटेरों ने पार की हदें, गाजरों से भरे ट्रक को बनाया निशाना, इन हादसों ने दिए शहर को जख्म

जालोर नम्बर की कार के आधार पर तीन-चार लुटेरों की पहचान की गई और इनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 9 Feb 2018, 11:11 AM IST
robbery in jodhpur
robbery in jodhpur, truck loot, theft in jodhpur, fight in jodhpur, Swine flu death in Jodhpur, crime news of jodhpur, purse loot, jodhpur news

कार में सवार युवकों ने गाजर से भरा ट्रक लूटा


जोधपुर . गाजर भरकर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल जा रहे ट्रक के आगे-पीछे चल रही कार में सवार पांच-छह युवक डांगियावास में बैंक के सामने से ट्रक लूटकर भाग निकले। डांगियावास थाना पुलिस के नाकाबंदी करवाए जाने पर गुरुवार दोपहर ट्रक व कार अलग-अलग जगह लावारिस हालत में मिल गए। जालोर नम्बर की कार के आधार पर तीन-चार लुटेरों की पहचान की गई और इनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

उप निरीक्षक अमरचंद ने बताया कि बाड़मेर जिले में पचपदरा थानान्तर्गत नवोड़ा बेरा निवासी रेखाराम पुत्र घेवरराम मेघवाल व अब्दुल खां पुत्र गफूर खां ट्रक चालक हैं और इन्होंने बुधवार रात १२.३० बजे मथानिया से भोपाल के लिए ट्रक में नौ टन गाजर भरी। मध्यरात्रि दोनों ट्रक लेकर भोपाल के लिए रवाना हुए। रात करीब दो बजे जयपुर हाईवे पर देवलिया गांव से आगे निकलने पीछे से एक कार आई। जिसमें पांच-छह युवक सवार थे। चालक कार को कभी आगे ले जाता और कभी पीछे लेता। यह देख ट्रक चालक को हादसे की आशंका होने लगी। उसने डांगियावास पहुंचकर एसबीआई बैंक के सामने ट्रक रोक दी और दोनों चालक नीचे उतरे। तभी पहले से वहां खड़े युवक वहां आए और दोनों चालक से धक्का-मुककी करने लगे। डरकर दोनों वहां से भागने लगे। तभी पीछे से दो-तीन युवक ट्रक में चढ़े और स्टार्ट कर दुबारा जोधपुर की तरफ घूमाकर रवाना हो गया। वो ट्रक को डिवाइडर के ऊपर से लूट ले गए।


दोपहर में लावारिस मिला ट्रक व कार

वारदात के तुरंत बाद दोनों चालक ने गंगाणा निवासी ट्रक मालिक इंसाफ खां को सूचना दी और फिर थाने पहुंचे। पुलिस ने जिले भर में कार व ट्रक की तलाश में नाकाबंदी करवाई। ट्रक मालिक की शिकायत पर डकैती का मामला दर्ज किया गया। इस बीच गुरुवार दोपहर अकथली व बुद्धनगर के बीच ट्रक लावारिस हालत में मिल गया। उसमें भरी गाजर व अन्य सामान सुरक्षित था। जबकि जयपुर रोड पर लुटेरों की कार लावारिस बरामद हुई।


शादी में जाना था लुटेरों को, लेकिन ट्रक लूटी

पुलिस का कहना है कि जालोर नम्बर की कार के आधार पर तीन-चार लुटेरों की पहचान कर ली गई है। जिनकी तलाश की जा रही है। युवक किसी शादी में जाने के लिए आए थे, लेकिन ट्रक लूट ली।

--------

एसएससी की तैयारी कर रहे छात्र पर बेस बॉल बैट से हमला, पांव टूटा

जोधपुर. महामंदिर थानान्तर्गत बीजेएस में मटकी चौराहे के पास स्कॉर्पियो चालक ने बेस बॉल के बैट से पैदल छात्र पर हमला कर दिया। उसका एक पांव फ्रैक्चर हो गया। हमलावर चालक का पता नहीं लग पाया है। घायल, सेना भर्ती रैली की दौड़ में सफल रहा था और वर्तमान में एसएससी की तैयारी कर रहा है।

पुलिस के अनुसार मूलत: ओसियां में भीकमकोर हाल भदवासिया के हरिओम नगर निवासी शंकर (२९) पुत्र जालाराम विश्नोई मानजी का हत्था क्षेत्र में कोचिंग संस्थान से साथी के साथ पैदल ही दोपहर बारह बजे घर लौट रहा था। वह संस्थान में एसएससी की तैयारी कर रहा है। मटकी चौराहे से कुछ आगे निकलने पर सामने से तेज रफ्तार में आई स्कॉर्पियो के चालक से कुछ तकरार हो गई। चालक ने आगे जाकर कार रोकी और उतरकर बाहर आया। हाथ में बेस बॉल बैट लेकर आए चालक ने शंकर विश्नोई पर हमला कर दिया। आरोपी ने पांव पर कई वार किए। जिससे उसके पांव में फ्रैक्चर हो गया। उसे घायल करके आरोपी कार में भाग निकला। साथी ने शंकर को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। उप निरीक्षक सल्लू खां का कहना है कि बाड़मेर नम्बर की स्कॉर्पियो के आधार पर चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उसके सामने आने के बाद ही हमले के कारणों का पता लग पाएगा।

सेना भर्ती रैली में चयनित, अब पांव फ्रैक्चर

पुलिस का कहना है कि हमले में घायल शंकर विश्नोई ने कुछ दिन पहले ही सेना की भर्ती रैली में भाग लिया था। उसका शारीरिक दक्षता परीक्षा व दौड़ में चयन हो गया था। वह एसएससी की तैयारी भी कर रहा है।

Published on: