जोधपुर

रीट अभ्यर्थियों के लिए 800 बसों की आरटीओ ने की व्यवस्था

रोडवेज में संसाधन कम, आरटीओ जुटा रहा वाहन
less than 1 minute read
Sep 20, 2021
Feature image

जोधपुर. प्रदेश भर में 26 सितम्बर को होने वाली रीट परीक्षा में अभ्यर्थियों की निशुल्क यात्रा को प्रशासन व परिवहन विभाग गंभीरता से ले रहा है। जोधपुर में इस परीक्षा के लिए करीब एक लाख से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है।
एेसे में रोडवेज बसों की सीमित संख्या होने के कारण परिवहन विभाग वाहनों की व्यवस्था में जुट गया है। आरटीओ की ओर से करीब ८०० वाहनों की जानकारी परिवहन मुख्यालय को भेजी गई है। जिसमें निजी व स्कूल बसों को शामिल किया गया है। इसके अलावा, आरटीओ ने जोधपुर से प्रमुख स्थानों के लिए संचालित होने वाली ट्रेनों का भी विवरण भेजा है।

रोडवेज के पास सीमित संसाधन
रोडवेज के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। रोडवेज के पास करीब ११० बसें हैं, जो रीट अभ्यर्थियों की संभावित एक लाख की संख्या को देखते हुए बहुत कम होगी। जोधपुर से हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों की अन्य जिलों में आवाजाही रहेगी। एेसे में अभ्यर्थियों के आने-जाने के लिए बड़ी संख्या में बसों की आवश्यकता रहेगी।

आरटीओ ने निजी बस संचालकों को किया पाबंद
आरटीओ ने निजी बस संचालकों के साथ मीटिंग कर परीक्षा अवधि के लिए अपने निजी वाहन उपलब्ध कराने के लिए पाबंद किया है। आरटीओ ऑल इंडिया परमिट, स्टेट कैरिज, सिटी बसें, स्कूल बस आदि संसाधन संचालकों को पाबंद किया है।

विभाग रीट अभ्यर्थियों के लिए संसाधनों की व्यवस्था में लगा हुआ है। उपलब्ध वाहनों की जानकारी मुख्यालय को भेजी है। जिसमें रोडवेज की बसों सहित निजी व स्कूल बसों की संख्या अवगत कराई है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार कार्य कर बसों की व्यवस्था कर रहे है और मांग अनुसार वाहनों की उपलब्धता का प्रयास कर रहे है।
गणपत पुनड़, जिला परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन)
आरटीओ जोधपुर

Published on:
20 Sept 2021 05:36 pm