
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर दस में गुरुवार देर रात शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवक को कुड़ी भगतासनी थाने लाए जाने से एकबारी पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। उसे छुड़ाने के लिए नशे में धुत्त दो सगी बहनें (एक गर्भवती) मध्यरात्रि थाने पहुंच गईं और हंगामा व अभद्र व्यवहार करने लगी। एक सिपाही मोबाइल से वीडियो बनाने लगा तो महिलाएं उसे रोकने के लिए दौड़ी, लेकिन सिपाही ने भागकर खुद को बचाया। आखिर में थानाधिकारी मुक्ता पारीक थाने पहुंची व महिला सिपाहियों की मदद से महिलाओं को अस्पताल ले गईं और मेडिकल कराया।
थानाधिकारी मुक्ता पारीक ने बताया कि देर रात सेक्टर दस में शराब के नशे में एक युवक हंगामा कर रहा था। पुलिस उसे पकडक़र थाने ले आई। ब्रेथ एन्हलाइजर से जांच करने पर शराब पीने की पुष्टि हुई तो साठ पुलिस एक्ट में कार्रवाई कर दी गई। परिजन को सूचना करने पर एक गर्भवती सहित दो सगी बहनें उसे छुड़ाने के लिए थाने पहुंची। युवक बड़ी बहन के ससुराल में रिश्तेदार है। उसे छोडऩे के लिए दोनों बहनें जिद पर उतर आईं। रात्रि ड्यूटी कर रहे एसआई साहिब सिंह ने जमानत के बाद ही छोडऩे की नसीहत दी, लेकिन दोनों बहनें कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुईं। वो गाली-गलौच पर उतर आईं। महिला सिपाहियों को थाने बुलाया गया, लेकिन महिलाएं काबू में नहीं आईं।
किसी तरह दोनों बहनों को मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच कराई गईं। जिसमें दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। दोनों को दुबारा थाने लाया गया, जहां साठ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई। तडक़े एक महिला का पति व मां थाने पहुंचे। उसने तीनों की जमानत दी। तब कहीं जाकर शुक्रवार अल-सुबह तीनों को छोड़ा गया। तब तक उनका नशा भी उतर गया।
उलटा पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप
एक महिला के गर्भवती होने से पुलिस एकबार घबरा सी गई। महिलाएं भी गाली-गलौच व अभद्र व्यवहार पर उतर आईं थी। पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया तो वे जबरन युवक को छुड़ाकर ले जाने लगी। इतना ही नहीं, महिलाएं चिल्लाने लगी कि पुलिस उनके साथ मारपीट कर रही हैं। पूरे वाकये को एक सिपाही मोबाइल से रिकॉर्ड करने लगा तो महिलाएं और उग्र हो गईं। वो उसे रोकने के लिए भी दौड़ी, लेकिन सिपाही ने भागकर खुद को बचाया।