
जोधपुर। एक साल पहले जोधपुर को फिट रखने के लिए शुरू हुई रनिंग कम्युनिटी जोधपुर रनर्स अब ढाई हजार से भी बड़ी हो चुकी है। सप्ताह में दो दिन रनिंग और फिटनेस सेशन नि:शुल्क रखने वाली इस कम्युनिटी में जोधपुरवासी जुड़ते ही चले जा रहे हैं।
जोधपुर रनर्स के धीरज दाधवानी और सत्यम संचेती ने बताया कि मुम्बई के इस कॉन्सेप्ट को पिछले साल लॉकडाउन के ठीक बाद में जोधपुर में लॉच किया गया। चार दोस्तों विशाल अग्रवाल, विशाल लोहिया के साथ मिलकर धीरज और सत्यम ने इसकी शुरुआत की। इसके बाद सोशल मीडिया के जरिये नियमित इसकी जानकारी साझा की जाती और लोग इससे जुड़ते चले गए। सप्ताह में दो बार अलग-अलग रूट को सलेक्ट कर रनिंग की जाती है। यह रनिंग व्यक्ति अपनी सुविधा के अनुसार 2 से 10 किमी की तय करता है। सेशन से पहले और बाद में वार्म अप व कूल डाउन सेशन भी करवाया जाता है।
आज विशेष जूम्बा सेशन
जोधपुर रनर्स को एक साल पूरा होने पर अमृतम पैलेस में जूम्बा सेशन भी रखा गया है। यह सेशन भी पूरी तरह निशुल्क होगा।