उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई कंवरसेन का गुरुवार रात्रि को कार्डियक अरेस्ट होने से मृत्यु हो गई थी।
जोधपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई कंवरसेन के निधन पर आयोजित शोक सभा में देश-प्रदेश भर के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए शनिवार सुबह से ही नेताओं, जनप्रतिनिधियों व विभिन्न पार्टी के सदस्य व कार्यकर्ता सभा स्थल पर पहुंचे। इस अवसर पर सुबह गुजरात प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा सहित गुजरात विधायक हिम्मत भाई पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट भी शोक सभा में पहुंचे। उनके प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, पार्टी के कई सदस्य व कार्यकर्ता रहे। यहां जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवालों पर पायलट ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा और वसुंधरा सरकार को अपने ही वर्तमान विधायकों पर विश्वास नहीं है। इसीलिए वह बयान जारी कर रही है कि वर्तमान विधायकों के भी टिकट कट सकते हैं। कांग्रेस पार्टी अपनी टिकट वितरण के लिए ग्राउंड लेवल पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपना काम कर लिया है और अब स्क्रीनिंग कमेटी अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पहली सूची जल्द ही जारी होगी। फिर एयरपोर्ट से उन्होंने खुद ही कार चलाई और आवास तक पहुंचे। कुछ देर यहां रुकने के बाद वे वापस रवाना हो गए। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई कंवरसेन का गुरुवार रात्रि को कार्डियक अरेस्ट होने से मृत्यु हो गई थी।