
गजेंद्रसिंह दहिया/जोधपुर. लॉक डाउन के 50 दिनों में प्रदेश के सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डारों ने 30 जिलों में घर-घर जाकर 26.35 करोड़ रुपए का किराणा व खाद्य सामग्री पहुंचाई। सर्वाधिक किराणा की बिक्री जोधपुर सहकारी उपभोक्ता होलसेल ने की। जोधपुर ने 9 करोड़ से अधिक का किराणा बेचा।
सबसे कम बिक्री बाड़मेर में केवल 90 हजार हुई। सीकर और दौसा जिले में मोबाइल वैन नहीं चली। सहकारी बाजार के सामान के अलावा भण्डार ने 10 जिलों में 2.37 लाख राशन किट भी बांटे। सहकारी भंडार के उल्लेखनीय कार्य के लिए राज्य सरकार की ओर से कर्मचारियों को अब प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
मोबाइल वैन ने लगाए 12 हजार चक्कर
प्रदेश में घर-घर सामान वितरण के लिए सहकारी भंडारों ने करीब पांच सौ वाहन और 1500 कर्मचारियों को लगाया। मोबाइल वैन अब तक 12 हजार चक्कर लगा चुकी है। सर्वाधिक 2549 चक्कर जोधपुर की 50 गाडिय़ों ने लगाए। बाड़मेर में गाडिय़ां भंडार व घर के बीच केवल 25 बार ही गई।
10.68 लाख परिवारों के घर पहुंची गाडिय़ां
सहकारी बाजार ने लॉक डाउन के दौरान 10.68 लाख परिवारों के घर तक खाद्य सामग्री पहुंचाई। जोधपुर में सर्वाधिक 3.94 लाख परिवार के पास किराणा पहुंचा। जयपुर में 62 हजार, बीकानेर में 40 हजार, उदयपुर में 11 हजार, कोटा में 1.39 लाख, श्रीगंगानगर में 94 हजार, भीलवाड़ा में 91 हजार और सवाई माधोपुर में 25 हजार से अधिक परिवारों तक राशन पहुंचा। सबसे कम बाड़मेर में 474, सिरोही 500 और नागौर में 951 परिवारों तक मोबाइल वैन पहुंची।
यहां बिका सर्वाधिक किराणा
जिला ------------ बिक्री
जोधपुर------------ 9.07 करोड़
श्रीगंगानगर ------------ 3.16 करोड़
भीलवाड़ा ------------ 2.78 करोड़
कोटा ------------ 2.53 करोड़
जयपुर ------------ 1.39 करोड़
अजमेर ------------ 1 करोड़
यहां बिका सबसे कम किराणा
बाड़मेर ------------ 89422
नागौर ------------ 147951
बंूदी ------------ 282651
करौली ------------ 435667
राजसमंद------------ 588000