जोधपुर

सलमान खान को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत: उपभोक्ता आयोग की कार्यवाही पर अगली सुनवाई तक रोक

Rajasthan High Court : मशहूर अभिनेता सलमान खान को हाईकोर्ट से राहत मिल गई है। उपभोक्ता आयोग की कार्यवाही पर अगली सुनवाई तक रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:53 PM IST
Salman Khan Relief from Rajasthan High Court
Rajasthan High Court : अभिनेता सलमान खान। फाइल फोटो - ANI

Rajasthan High Court : जोधपुर. राजस्थान हाईकोर्ट ने अभिनेता सलमान खान के खिलाफ जोधपुर जिला उपभोक्ता आयोग (द्वितीय) में चल रही कार्यवाही पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। न्यायाधीश डॉ. नूपुर भाटी की एकल पीठ ने यह अंतरिम आदेश दिया। मशहूर अभिनेता सलमान खान ने आयोग के उस आदेश को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें पक्षकारों की सूची से उनका नाम हटाने का प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया गया था। याचिका में कहा गया कि वे संबंधित मामले में केवल पान मसाला ब्रांड के विज्ञापनकर्ता (ब्रांड एंबेसडर) हैं।

शिकायतकर्ता उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 2(7) के तहत उपभोक्ता की श्रेणी में नहीं आता, इसलिए आयोग को इस शिकायत पर सुनवाई का अधिकार नहीं है। उनके अधिवक्ता ने यह भी दलील दी कि भ्रामक विज्ञापन से जुड़े मामले में आयोग के अधिकार क्षेत्र को लेकर कानूनी आपत्तियों पर पहले निर्णय किया जाना चाहिए था।

वे केवल ब्रांड एंबेसडर हैं

वरिष्ठ अधिवक्ता ने बताया कि सलमान खान ने अपनी याचिका में दलील दी थी कि उपभोक्ता आयोग के पास भ्रामक विज्ञापनों से जुड़े आरोपों पर सुनवाई करने का अधिकार क्षेत्र नहीं है। याचिका में यह भी कहा गया कि वे केवल ब्रांड एंबेसडर हैं और उनके खिलाफ व्यक्तिगत जानकारी, स्वतंत्र कारण या किसी तरह की लापरवाही का आरोप नहीं है। इसके बावजूद आयोग ने उनका नाम पक्षकारों की सूची से हटाने की अर्जी खारिज कर दी थी।

याचिकाकर्ता की ओर से यह भी तर्क दिया गया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के तहत उपभोक्ता आयोग के अधिकार क्षेत्र और मामले की सुनवाई की वैधता से जुड़े प्रारंभिक कानूनी सवालों पर पहले निर्णय होना चाहिए था, लेकिन आयोग ने इन आपत्तियों पर अंतिम सुनवाई के समय विचार करने की बात कही। हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्टे आवेदन पर भी नोटिस जारी किया गया।

जोधपुर के चौपासनी निवासी ने पान मसाला कम्पनी और उसके ब्रांड एंबेसडर सलमान खान के खिलाफ उपभोक्ता आयोग में परिवाद दायर किया था।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:53 PM IST
Published on: