जोधपुर

जोधपुर में मूंगफली खरीद में 2.75 करोड़ का गबन!

jodhpur news, msp news - सरकार ने फलोदी-बाप क्रय विक्रय सहकारी समिति के जीएम को निलंबित किया- भंडारण केंद्र में 5000 क्विंटल कम पहुंची मूंगफली
2 min read
जोधपुर में मूंगफली खरीद में 2.75 करोड़ का गबन!
जोधपुर में मूंगफली खरीद में 2.75 करोड़ का गबन!

जोधपुर. न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जोधपुर के फलोदी, बाप, बापिणी व लोहावट खरीद केंद्र पर मूंगफली खरीद में पौने तीन करोड़ रुपए का कथित घोटाला सामने आया है। चारों खरीद केंद्र से राजस्थान राज्य भंडारण निगम में करीब 5000 क्विंटल मूंगफली कम जमा करवाई गई। भौतिक सत्यापन में यह खुलासा होने के बाद सरकार ने फलोदी व बाप क्रय विक्रय सहकारी समिति के मुख्य व्यवस्थापक मुरली मनोहर व्यास को निलंबित कर दिया। व्यास का मुख्यालय जयपुर किया गया है।

पिछले साल नवम्बर में राज्य सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंगफली और मूंग की खरीद शुरू हुई थी जो 19 मार्च तक खरीद चली। लॉकडाउन के कारण जोधपुर, बीकानेर, चूरू सहित कई जिलों की मूंगफली भंडारण निगम में जमा नहीं हो सकी। लॉक डाउन में कुछ छूट मिलने के बाद नेफेड ने मई महीने में बची मूंगफली जमा कराने की मौहलत दी। इस छूट के बाद भी जोधपुर में चार स्थानों पर मूंगफली कम जमा हुई।

डिप्टी रजिस्ट्रार के भौतिक सत्यापन में खुलासा
भंडारण निगम में खरीद के विरुद्ध कम जमा की गई मूंगफली के मामले में जोधपुर के डिप्टी रजिस्ट्रार राकेश पुरोहित को भौतिक सत्यापन का जिम्मा सौंपा। पुरोहित ने करीब 5000 क्विंटल मूंगफली कम होने की रिपोर्ट दी, जिसके आधार पर व्यास को निलंबित किया गया। इस साल मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5500 रूपए प्रति क्विंटल था।

कहां कितनी कम मिली मूंगफली
स्थान ---------------कमी ( क्विंटल में)
बाप---------------315.80
फलोदी---------------2702.40
बापिणी---------------1659.79
लोहावट---------------203.06

मूंग में 2 जीएम निलंबित
जोधपुर संभाग में इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर हुई खरीद में कई घोटाले सामने आए हैं। जोधपुर शहर में हुई मूंग की खरीद में 2718 क्विंटल मूंग कम मिले। जांच के बाद जोधपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति के मुख्य व्यवस्थापक प्रेम सिंह को निलंबित किया गया। पाली के जैतारण में करीब 4000 क्विंटल मूंग कब मिला। वहां भी मुख्य व्यवस्थापक पाबू राम को निलंबित किया गया।
...........................

‘मूंगफली खरीद के बाद भंडारण निगम में जमा हुई मूंगफली में 5000 क्विंटल का अंतर आया। मामले में सरकार ने मुख्य व्यवस्थापक मुरली मनोहर व्यास को निलंबित कर दिया है।’
धन सिंह देवल, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां)जोधपुर

Published on:
17 Jun 2020 11:30 pm