
जोधपुर. बर्फीली हवा के कारण रविवार को शहर में कड़ाके की सर्दी रही। दिन में चटख धूप के बावजूद धूजणी का अहसास हो रहा था। जोधपुर में दिन का पारा 22.2 डिग्री रहा जो इस सीजन का दूसरा सर्वाधिक ठंडा दिन था। तीन दिन पहले पारा 22 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह कोहरा रह सकता है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे प्रदेश के कुछ जगहों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना रहेगी। दो दिन तक बादल छाए रहने के आसार है।
सूर्यनगरी में रविवार सुबह पारा 9.5 डिग्री रहा। वातावरण में आपेक्षिक आर्द्रता 89 होने और लगातार ठंडी हवा बहने की वजह से जाड़ा तेज रहा। ऐसा लग रहा था मानो पारा काफी कम है। बर्फीली हवा ने वातावरण में गलन पैदा कर दी। धूप भी तेज थी लेकिन ठंडी हवा के झौंके धूप में भी धूजणी छुड़ा रहे थे। दिन चढ़ने के साथ हवा के झौंके भी तेज होते गए। दोपहर में पारा 22.2 डिग्री आया लेकिन सर्दी से कोई राहत नहीं मिल सकी।
हाथ व पांवों में हुई गलन
तेज सर्दी के कारण हाथ व पांवों में अब गलन शुरू हो गई है। विशेषकर बुजुर्गों की हालत खस्ता हो गई। सर्दी से राहत के लिए घरों में हीटर लगाने पड़े। दूरदराज के इलाकों में सर्दी और अधिक तेज सर्दी थी। वहां अलाव तापना पड़ा। कई जगह घरों में सिगडि़यां लगानी पड़ी।